देश में एक बार फिर बढ़नमे लगे कोरोना के मामले, 24 घंटे में 2.76 लाख नए केस, 3874 मरीजों की मौत

खबरें अभी तक || भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर लगातार कहर बरपा रही है। कोरोना संक्रमण के मामलों में जहां लगातार उतार चढाव देखने को मिल रहा है तो वहीं संक्रमितों की मौत के आंकड़ों में कोई  ठहराव आता नहीं दिख रहा है। लगातार तीसरे दिन कोरोना के नए मामलों की संख्या बढ़ी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 2 लाख 76 हजार 110 नए कोरोना केस आए और 3 हजार 874 संक्रमितों की जान चली गई है। वहीं 3 लाख 69 हजार 077 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। यानी 96 हजार 841 एक्टिव केस कम हुए हैं। इससे पहले मंगलवार को 2 लाख 67 लाख, सोमवार को 2 लाख 63 लाख नए केस दर्ज किए गए थे।

19 मई तक देशभर में 18 करोड़ 70 लाख 9 हजार 792 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 11 लाख 66 हजार 90 टीके लगाए गए। वहीं अबतक 32 करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन करीब 20 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 13 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- 2 करोड़ 57 लाख 72 हजार 440

कुल डिस्चार्ज- 2 करोड़ 23 लाख 55 हजार 440

कुल एक्टिव केस- 31 लाख 29 हजार 878

कुल मौत- 2 लाख 87 हजार 122

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.11 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 86 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस घटकर 13 फीसदी हो गए। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

प्रमुख राज्यों में कोरोना की क्या है स्थिति ?

1. महाराष्ट्र

यहां बुधवार को 34,031 लोग संक्रमित पाए गए। 51,457 लोग ठीक हुए और 594 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 54.67 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 49.78 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 84,371 लोगों की मौत हो गई। 4.01 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां बुधवार को 7,186 लोग संक्रमित पाए गए। 19,669 लोग ठीक हुए और 280 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.44 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 15.02 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 18,352 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1.23 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में बुधवार को 3,846 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 9,427 लोग ठीक हुए और 235 की मौत हो गई। अब तक 14.06 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.39 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,346 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 45,047 का इलाज चल रहा है।

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।