Coronavirus in India: कोरोना के कहर से थोड़ी राहत, 24 घंटे में 3.36 लाख नए केस, 3890 की मौत

ख़बरें अभी तक ||  भारत में कोरोना के कोहराम के बीच मामूली राहत मिली है। कोरोना के नए मामलों के गिरावट दर्ज की गई है। वहीं रिकवरी रेट में भी सुधार हुआ है। लेकिन कोरोना का संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है। हर दिन तीन लाख से ज्यादा नए केस आ रहे हैं और करीब चार हजार कोरोना संक्रमितों की जान जा रही है।  स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 3 लाख 26 हजार 098 नए कोरोना केस आए और 3 हजार 890 संक्रमितों की जान चली गई है। वहीं 3 लाख 53 हजार 299 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। यानी कि 31 हजार 091 एक्टिव केस कम हुए हैं।

14 मई तक देशभर में 18 करोड़ 4 लाख 57 हजार 579 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 11 लाख 3 हजार 625 टीके लगाए गए। वहीं अबतक 31.30 करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन 17 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 17 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

•             कुल कोरोना केस- दो करोड़ 43 लाख 72 हजार 907

•             कुल डिस्चार्ज- दो करोड़ 4 लाख 32 हजार 898

•             कुल एक्टिव केस- 36 लाख 73 हजार 802

•             कुल मौत- 2 लाख 66 हजार 207

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.09 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 83 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस घटकर 16 फीसदी से कम हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

महाराष्ट्र में संक्रमण से होने वाली मौत के आंकड़ों में गिरावट

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड के नए मामलों और इसकी वजह से जान गंवाने वालों की संख्या में कमी देखने को मिली। हालांकि राज्य में अभी तक सामने आए कोरोना के कुल मामलों की संख्या 53 लाख से अधिक हो चुकी है, जबकि प्रदेश में 79,000 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

गुरुवार को हुई 850 मौतों की तुलना में, शुक्रवार को राज्य में मरने वालों की संख्या 695 दर्ज की गई। इसके साथ ही यहां कोरोना से दम तोड़ने वालों की संख्या 79,552 तक पहुंच चुकी है। राहत की बात यह रही कि शुक्रवार को नए संक्रमणों की संख्या 50,000 के स्तर से नीचे रही। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान 39,923 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद अब राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 53,09,215 हो गई है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां शुक्रवार को 15,747 लोग संक्रमित पाए गए। 26,179 लोग ठीक हुए और 312 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 15.96 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 13.85 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,957 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1.93 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में शुक्रवार को 8,506 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 14,140 लोग ठीक हुए और 289 की मौत हो गई। अब तक 13.80 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.88 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,907 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 71,794 का इलाज चल रहा है।