Corona In India: लगातार तीसरे दिन 4 लाख के पार नए केस, पहली बार 4 हजार से ज्यादा की मौत !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना महामारी अपने चरम पर है। अब हर दिन न सिर्फ केस बढ़ रहे हैं, बल्कि मौत के आंकड़े में भी बड़ा इजाफा हो रहा है। पहली बार देश में एक दिन में 4 हजार से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। वहीं, चौथी बार और लगातार तीसरे दिन 4 लाख से ज्यादा कोरोना के नए पॉजिटिव केस मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 4 लाख 1 हजार 078 नए कोरोना केस आए और 4 हजार 187 संक्रमितों की जान चली गई है। हालांकि 3 लाख 18 हजार 609 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं।

7 मई तक देशभर में 16 करोड़ 73 लाख 46 हजार 544 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 22 लाख 97 हजार 257 टीके लगाए गए। वहीं अबतक कुल 30 करोड़ 4 लाख से ज्यादा टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन 18 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 22 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- दो करोड़ 18 लाख 92 हजार 676

कुल डिस्चार्ज- एक करोड़ 79 लाख 30 हजार 960

कुल एक्टिव केस- 37 लाख 23 हजार 446

कुल मौत- 2 लाख 38 हजार 270

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा भयावह स्थिति

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड के 54 हजार 22 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 49 लाख 96 हजार 758 हो गयी। संक्रमण से 898 मरीजों की मौत हो गयी है। राज्य में अब तक 74 हजार 413 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में एक दिन पहले संक्रमण के 62 हजार 194 मामले आए थे। अस्पतालों से 37 हजार 386 और मरीजों को छुट्टी मिलने के साथ अब तक 42 लाख 65 हजार 326 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 6 लाख 54 हजार 788 है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 2 लाख 68 हजार 912 नमूनों की जांच की गयी। मुंबई में संक्रमण के 3 हजार 40 नए मामले आए और 71 मरीजों की मौत हो गयी। पुणे, नासिक, कोल्हापुर और सांगली जिलों में चारों शहरों की तुलना में ग्रामीण इलाके से संक्रमण के ज्यादा मामले आ रहे हैं।

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.09 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 82 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस बढ़कर 17 फीसदी हो गया। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील, मैक्सिको के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।