हिमाचल: दादा दादी ने लातों और डंडे से की लड़की की निर्मम पिटाई, आरोपी गिरफ्तार…

ख़बरें अभी तक || हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू से लड़की की लातों और डंडे से निर्मम पिटाई का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर पिटाई के ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़की का दादा उसे लातों से पीट रहा है और उसे कपड़े धोने के लिए भी कहा जा रहा है। एक दूसरे वीडियो में लड़की की दादी उसकी डंडे से बुरी तरह से पिटाई कर रही है। लड़की की निर्मम पिटाई के वीडियो सामने के बाद यह एकदम से वायरल हो गए।

वहीं, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भी छानबीन शुरू कर दी। छानबीन के पुलिस ने पाया कि वीडियो कुल्लू शहर के देवधार का है। लड़की की पिटाई करने वाले उसके दादा और दादी हैं। बताया जा रहा है लड़की की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती है बावजूद इसके उसकी ऐसी ही पिटाई की जाती है। हालांकि जब इस लड़की की पिटाई की गई तो घर के किसी शख्स ने इसका वीडियो बनाया। पिटाई के वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी दादा-दादी घर से भाग गए और जंगल के पास मौजूद किसी अन्य व्यक्ति के घर में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। 

लड़की पर हो रहे अत्याचार के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि जैसे ही शिकायत मिली तो वीडियो का सत्यापन करने के बाद इसमें पिटाई करने वाले आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई करते हुए लड़की से मारपीट करने वाले दादा और दादी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ अन्य परिजनों के बयान लिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।