Corona in India: देश में लगातार चौथे दिन 3 लाख के पार नए केस, 2767 मौत के साथ टूटे सारे रिकॉर्ड !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप हर दिन बढ़ता जा रहा है। देश में हालात इतने खराब है कि हर दिन संक्रमण के आंकड़े नया रिकॉर्ड बना रहे हैं । वहीं देश में कोरोना के कारण होने वाली मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते चार दिनों में देश में 1.3 मिलियन से ज्यादा नए केस आ चुके हैं। 21 अप्रैल से लेकर 24 अप्रैल तक क्रमश: 3.14 लाख, 3.32 लाख, 3.46 लाख, 3.49 लाख दर्ज किए गए हैं। ये आंकड़ा दुनिया के किसी देश के मुकाबले सबसे ज्यादा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 3 लाख 49 हजार 691 नए कोरोना केस आए तो वहीं 2767 संक्रमितों की मौत भी हो गई है। हालांकि 2 लाख 17 हजार 113 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हुए हैं। इससे पहले शुक्रवार को देश में 3 लाख 46 हजार 786 नए केस आए थे।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- एक करोड़ 69 लाख 60 हजार 172

कुल डिस्चार्ज- एक करोड़ 40 लाख 85 हजार 110

कुल एक्टिव केस- 26 लाख 82 हजार 751

कुल मौत- 1 लाख 92 हजार 311

कुल टीकाकरण- 14 करोड़ 9 लाख 16 हजार 417 डोज दी गई

दिल्ली में कोरोना से पहली बार 1 दिन में 357 मौतें

दिल्ली में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना से 357 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। राजधानी में कोरोना से होने वाली मृत्यु का यह एक नया रिकॉर्ड है। अबतक कुल कोरोना से 13 हजार 898 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। फिलहाल दिल्ली में 93 हजार 080 एक्टिव कोरोना मरीज है। इनमें से 50 हजार 285 कोरोना रोगी होम आइसोलेशन में रह रहे हैं, जबकि बाकी रोगियों को दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों व कोरोना केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

महाराष्ट्र में कोविड से 676 मौतें

महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 से 676 मौतें होने की खबर है। साथ ही संकमण के 67 हजार 160 नए मामले आए। कुल मामलों की संख्या अब 42 लाख 28 हजार 836 हो गई है। मुंबई में शुक्रवार को 7 हजार 199 नए मामले आए थे, जिसमें गिरावट के साथ, शनिवार को शाम तक 5हजार 867 नए मामले दर्ज हुए और 71 मौतें हुई हैं। शहर में कोविड से अब तक 6 लाख 22 हजार 146 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 12 हजार 726 लोगों की मौत हो चुकी है।

अबतक 14 करोड़ कोरोना डोज दिए गए

देश में 16 जनवरी से कोरोना का टीका लगाए जाने के अभियान की शुरुआत हुई थी। 24 अप्रैल तक देशभर में 14 करोड़ 9 लाख 16 हजार 417 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 25 लाख 36 हजार 612 टीके लगे। वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था। 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर से सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है। अब 1 मई से 18 से ऊपर के लोगों को भी टीका लगाया जाएगा।

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.13 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 83 फीसदी है। एक्टिव केस बढ़कर 15 फीसदी से ज्यादा हो गए। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील, मैक्सिको के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।