कोरोना का बढ़ता खौफ, महाराष्ट्र दिल्ली, यूपी, समेत और किन राज्यों में हैं वीकेंड कर्फ्यू, नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन जैसी पाबंदियां? जानें

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। बीते दिन कोरोना 3 लाख के करीब नए मामले सामने आए, जिसके बाद देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 21 लाख के पार  हो गई। लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामले और उनसे होने वाली मौत के आंकड़ों के मद्देनजर कई राज्यों ने आंशिक या पूरी तरह से लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है।

आइए जानते हैं किन राज्यों में वीकेंड कर्फ्यू, नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन की घोषणा की गई है-

दिल्ली में एक हफ्ते का लॉकडाउन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 19 अप्रैल (सोमवार) रात दस बजे से 26 अप्रैल सुबह पांच बजे तक 6 दिनों के लिए दिल्ली में लॉकडाउन की घोषणा की है।

राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते यह फैसला लिया गया। केजरीवाल ने इस दौरान कहा कि दिल्ली में हेल्थ सिस्टम बहुत ज्यादा दबाव में है और अगर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ये सिस्टम ध्वस्त हो जाएगा।

झारखंड में एक हफ्ते का लॉकडाउन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में एक हफ्ते के लॉकडाउन की घोषणा की है। इस लॉकडाउन की अवधि 22 अप्रैल सुबह छह बजे से 29 अप्रैल सुबह छह बजे तक की है। हालांकि हेमंत सोरेन ने इसे लॉकडाउन न कहकर स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह माना। उन्होंने कहा कि यह पूरा सप्ताह झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा।

तेलंगाना में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू

तेलंगाना सरकार ने राज्य में 30 अप्रैल तक रात नौ बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है।

उत्तर प्रदेश में वीकेंड लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पूरे प्रदेश में सप्‍ताह में दो दिन यानी वीकेंड लॉकडाउन (Uttar Pradesh Weekend Lockdown) लगाने का ऐलान किया है। शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक यूपी में पूरी तरह से वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। इसके अलावा पूरे राज्‍य में हर रोज नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।

महाराष्ट्र में सुबह 7 से 11 बजे तक ही खुलेंगी

महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों के प्रसार पर रोक लगाने के लिए महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में ग्रोसरी, सब्जियों की दुकानें, डेयरियां और बेकरी सुबह 7 बजे से लेकर 11 बजे तक ही खुलेंगी। इतना ही नहीं अंडा, चिकन, मटन और मछली बेचने वाली दुकानों को भी केवल इसी दौरान खुलने की इजाजत दी गई है।

केरल में नाइट कर्फ्यू की घोषणा

केरल सरकार ने राज्य में कोविड-19 के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के मद्देनजर 20 अप्रैल रात 9 बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।

पंजाब में नाइट कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच पंजाब सरकार ने नाइट कर्फ्यू के समय को एक घंटे बढ़ा दिया है। अधिकारियों ने बताया कि नाइट कर्फ्यू का समय अब रात आठ से सुबह पांच बजे तक होगा। पहले यह समय रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक था। मालूम हो कि राज्य में बार, सिनेमा हॉल, जिम, स्पा, कोचिंग सेंटर और खेल परिसरों को 30 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है।

कर्नाटक में वीकेंड के साथ नाइट कर्फ्यू

कर्नाटक में रात नौ से सुबह छह बजे के बीच नाइट कर्फ्यू और शुक्रवार रात नौ बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक पूरा कर्फ्यू लागू रहेगा।

ओडिशा के जिलों में वीकेंड लॉकडाउन

ओडिशा सरकार ने कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से सटे 10 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लागू कर दिया है। सभी शहरी इलाकों में नाइट कर्फ्यू भी लगाया गया है।

चंडीगढ़ में वीकेंड और नाइट कर्फ्यू

चंडीगढ़ प्रशासन ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र शासित प्रदेश में रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। इसके अलावा यहां शुक्रवार रात दस बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक वीकेंड लॉकडाउन की भी घोषणा की गई है।

छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस से निपटने के लिए 20 जिलों में लॉकडाउन लगाया जा चुका है। दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, बेमेतरा, बालोद, जशपुर, बलौदाबाजार, कोरिया, कोरबा, धमतरी, रायगढ़, महासमुंद, गरियाबंद, सूरजपुर, जांजगीर, सरगुजा, बिलासपुर, मुंगेली, पेंड्रा और बलरामपुर जिले में लॉकडाउन लगाया गया हैं। यह लॉकडाउन 24 अप्रैल तक लागू रहेगा।

मध्य प्रदेश में वीकेंड लॉकडाउन

मध्य प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में शुक्रवार को शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया है।

जम्मू कश्मीर में नाइट कर्फ्यू

जम्मू-कश्मीर सरकार ने मंगलवार को केंद्रशासित प्रदेश में COVID-19 के मामलों में बढ़ोतरी के कारण सभी म्युनिसिपल और शहरी क्षेत्रों में रात के कर्फ्यू का ऐलान किया है। यह कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा।

पुडुचेरी में 3 दिन का लॉकडाउन

पुडुचेरी में कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को रोकने के लिए केंद्र शासित प्रदेश में 23 अप्रैल से 26 अप्रैल तक पूर्ण लॉकडाउन लगाने का मंगलवार को ऐलान किया गया है।