Coronavirus In India: लगातार तीसरे दिन 2 लाख से ज्यादा नए केस, पहली बार एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमितों की मौत !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। देश में हर रोज कोरोन के रिकॉर्डतोड़ केस दर्ज किए जा रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर पूरी तहर है बेकाबू हो चुकी है। आज लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस के 2 लाख से ज्यादा नए पॉजिटिव केस मिले हैं। यही नहीं महामारी शुरू होने से लेकर अबतक पहली बार एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमितों की मौत भी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 2 लाख 34 हजार 692 नए कोरोना केस आए और 1341 संक्रमितों की मौत हुई है। हालांकि 1 लाख 23 हजार 354 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले गुरुवार को 2 लाख 17 हजार 353 नए केस आए थे। वहीं 15 सितंबर को सबसे ज्यादा 1290 मौत हुई थी।

देश में आज कोरोना की स्थिति-

कुल कोरोना केस- एक करोड़ 45 लाख 26 हजार 609

कुल डिस्चार्ज- एक करोड़ 26 लाख 71 हजार 220

कुल एक्टिव केस- 16 लाख 79 हजार 740

कुल मौत- 1 लाख 75 हजार 649

कुल टीकाकरण- 11 करोड़ 99 लाख 37 हजार 641 डोज दी गई

दिल्ली, यूपी, चंडीगढ़ में वीकेंड कर्फ्यू शुरू

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को यहां पर 19 हजार से ज्यादा नए कोरोना के केस आए जबकि 141 की इस महामारी से मौत हो गई। वहीं उत्तरप्रदेश और चंडीगढ़ में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं लोगों की जान पर भारी पड़े रहे कोरोना संक्रमण की इस चेन को तोड़ने के लिए कई राज्यों में शुक्रवार की रात 10 बजे से ‘वीकेंड कर्फ्यू’ लागू हो गया जो सोमवार की सुबह 5 बजे तक रहेगा। केजरीवाल सरकार के आदेश के मुताबिक, वीकेंड लॉकडाउन के दौरान ऑडिटोरियाम, जिम, मॉल सभी चीजों को बंद रखना होगा। जबकि, सिनेमाघरों में सिर्फ 30 फीसदी दर्शकों के साथ उसे चलाया जा सकेगा।

यूपी में कोरोना की चल रही घातक लहर

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 27426 नए मरीज मिले हैं। जबकि 103 लोगों की मौत हो गई है. लखनऊ में 6598 नए केस आए हैं। इसके साथ ही कुल सक्रिय केस डेढ़ लाख के पार यानी 150,676 हो चुके हैं। प्रदेश में बीते एक दिन में कुल 223307 सैंपल की जांच की गई। प्रदेश में अब तक कुल 37,814,182 नमूनों की जांच की जा चुकी है। पूरे यूपी में रविवार को लॉकडाउन लगाने का एलान किया गया है।

महाराष्ट्र में हालात सबसे ज्यादा खराब

महाराष्ट्र में कल कोरोना वायरस के 63,729 नए मामले सामने आए, जो अभी तक एक दिन में सर्वाधिक मामले हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 37 लाख से अधिक हो गई है, जबकि 398 और लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। कोविड के 63,729 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 37,03,584 हो गई है जबकि 398 और लोगों की मौत होने से संक्रमण से राज्य में अब तक 59,551 लोगों की मौत हो चुकी है।

कल 30 लाख कोरोना टीके दिए गए

देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने के अभियान की शुरुआत हुई थी। 16 अप्रैल तक देशभर में 11 करोड़ 99 लाख 37 हजार 641 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 30 लाख 4 हजार 544 टीके लगे। वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था। 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर से सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है।

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.21 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 88 फीसदी है। एक्टिव केस बढ़कर 11 फीसदी से ज्यादा हो गए। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील, मैक्सिको के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।