भारत में कोरोना आउट ऑफ कंट्रोल ! पिछले 24 घंटे में 1.61 लाख केस मिले, 789 की मौत, जानिए अपडेट?

ख़बरें अभी तक || देश में कोरोना की नई लहर ने हाहाकार मचा रखा है। कोरोना के बढ़ते आंकड़े आए दिन रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 1.61 लाख से ज्यादा केस सामने आए और 879 लोगों को कोरोना ने अपना शिकार बना लिया। वहीं बीते दिन संक्रमण को मात देकर 97,168 लोग ठीक भी हो गए।

आज देश में कोरोना की स्थिति-

कुल कोरोना केस- एक करोड़ 36 लाख 89 हजार 453

कुल डिस्चार्ज- 1 करोड़ 22 लाख 53 हजार 697

कुल एक्टिव केस- 12 लाख 64 हजार 698

कुल मौत- 1 लाख 71 हजार 058

वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में इस समय कोरोना के कुल मरीज 1करोड़ 36 लाख 89 हजार 453 हैं। इनमें 12 लाख 64 हजार 698 एक्टिव केस हैं। यानी इनका अस्पताल या घर में इलाज चल रहा है। कोरोना के कारण 1 लाख 71 हजार 058 लोग अब तक काल के गाल में समा चुके हैं। वहीं कुल 1 करोड़ 22 लाख 53 हजार 697 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में नहीं थम रहा कोरोना का कहर, 24 घंटे में नए मरीज

महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 51,751 मामले सामने आए और महामारी से 258 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह जानकारी दी गई। इससे एक दिन पहले राज्य में संक्रमण के 63,294 मामले सामने आए थे। महाराष्ट्र में कुल मामले बढ़कर 34,58,996 हो गए हैं और मृतकों की संख्या 58,245 पर पहुंच गई है। महाराष्ट्र में अब 5,64,746 मरीज उपचाराधीन हैं।

राजधानी दिल्ली में, 24 घंटे में 11 हजार से ज्यादा मरीज

बीते 24 घंटों में दिल्ली में कोविड-19 के अब तक के सबसे ज्यादा 11,491 नए मामले आए तथा 72 और लोगों की मौत हो गयी। आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण दर बढ़कर 12.44 प्रतिशत हो गयी है, जो एक दिन पहले 9.43 प्रतिशत थी। दिल्ली में पांच दिसंबर के बाद मौत के सबसे ज्यादा मामले आए हैं। पांच दिसंबर को 77 लोगों की मौत दर्ज की गयी थी। 19 नवंबर को संक्रमण से सबसे ज्यादा 131 लोगों की मौत के मामले सामने आए थे।

देश में अब कितने लोगों को लगा टीका

टीकाकरण अभियान ‘टीका उत्सव’ के दूसरे दिन सोमवार को कोविड-19 टीके की 37 लाख से अधिक खुराक दी गईं, जिससे देश में अभी तक दी गई टीके की कुल खुराकों की संख्या बढ़कर 10,82,92,423 हो गई.  स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक टीका उत्सव के दूसरे दिन, सोमवार रात 8 बजे तक टीके की 37 लाख से अधिक खुराक दी गईं। किसी भी दिन औसतन 45,000 कोविड टीकाकरण केंद्र (सीवीसी) क्रियाशील होते हैं। आज, 71,000 सीवीसी परिचालन में थे जिसमें औसत 26,000 की वृद्धि होने का संकेत है।