Covid-19 India Update: दूसरी लहर ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, 24 घंटे में 1.15 लाख से ज्यादा नए केस, जानिए आंकड़े?

ख़बरें अभी तक || देश में कोरोना की दूसरी लहर लगातार कहर बरपा रही है। कोरोना संक्रमण के नए मामलों ने भारत में अबतक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दूसरी बार देश में एक दिन में एक लाख से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 1,15,736 नए कोरोना केस आए और 630 लोगों की जान चली गई है। यह भारत में कोरोना की अब तक की सबसे बड़ी दैनिक उछाल है। हालांकि 59,856 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले 4 अप्रैल को एक लाख तीन हजार नए कोरोना केस आए थे।

कोरोना की दूसरी वेव के आगे महाराष्ट्र एक बार फिर बेबस नजर आ रहा है। नए केस में रोजाना की तरह सबसे ज्यादा 55,469 संक्रमित महाराष्ट्र में ही मिले हैं। 9,921 नए मरीजों के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे नंबर पर रहा। कुल एक्टिव केस में भी ये दोनों राज्य टॉप-2 में हैं। महाराष्ट्र में 4.72 लाख, जबकि छत्तीसगढ़ में 52,445 मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में अब तक करीब 1 करोड़ 28 लाख 785 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से करीब 1 करोड़ 18 लाख लोग ठीक भी हुए हैं और 1 लाख 66 177 लोगों ने अपनी जान गंवाई है।

आज देश में कोरोना की स्थिति-

कुल कोरोना केस- एक करोड़ 28 लाख 1 हजार 785

कुल डिस्चार्ज- एक करोड़ 17 लाख 92 हजार 135

कुल एक्टिव केस- आठ लाख 43 हजार 473

कुल मौत- एक लाख 66 हजार 177

कुल टीकाकरण- 8 करोड़ 70 लाख 77 हजार 474 डोज दी गई

भारत अब एक्टिव केस के मामले में चौथा सबसे बड़ा देश बन गया है. वहीं, पिछले 24 घंटे में 631 लोगों की मौत हुई है। एक विश्लेषण के अनुसार, कोविड -19 की दूसरी लहर, पहली लहर की तुलना में ज्यादा घातक सिद्ध होती दिख रही है। कुल मामलों में पांच सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र (3,113,354), केरल (1,137,590), कर्नाटक (1,020,434), आंध्र प्रदेश (909,002), और तमिलनाडु (903,479) हैं.

इन राज्यों में क्या है हाल ?

महाराष्ट्र में फिर कोविड के 50 हजार से ज्यादा मामले

महाराष्ट्र के कोविड-19 मामलों ने तीन दिनों में दूसरी बार फिर से आधे लाख की सीमा पार कर ली, कुल मामले 31 लाख को पार कर गए। यह हालत तब है, जब यह राज्य 80 लाख टीकाकरण वाला भारत का पहला राज्य बन गया है। 4 अप्रैल को रिकॉर्ड 57,074 नए रोगियों का पता चला था। दो दिन बाद, राज्य में संक्रमण के मामले 47,288 से बढ़कर 55,469 हो गए, जिसके साथ राज्य में कुल मामले 31,13,354 तक जा पहुंचे। राज्य में एक दिन पहले मौतों की संख्या 155 थी जो बढ़कर 297 हो गई। मौतों की कुल संख्या बढ़कर अब 56,330 हो गई।

2. दिल्ली

यहां मंगलवार को 5,100 नए केस आए। 2,340 मरीज ठीक हुए और 17 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.79 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.54 लाख ठीक हुए हैं और 11,096 ने जान गंवाई है। अभी 14,579 का इलाज चल रहा है।

3. मध्यप्रदेश

यहां मंगलवार को 3,722 नए मरीज मिले। 2,203 लोग ठीक हुए, जबकि 18 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.13 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.85 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,073 की मौत हुई है। फिलहाल 24,155 लोगों का इलाज चल रहा है।

4. गुजरात

यहां मंगलवार को 3,280 नए कोरोना मरीज मिले। 2,167 मरीज ठीक हुए, जबकि 17 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.24 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.02 लाख ठीक हुए हैं, जबकि4,598 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 17,348 लोगों का इलाज चल रहा है।

5. पंजाब

यहां मंगलवार को 2,924 नए मरीज मिले। 2,350 ठीक हुए, जबकि 62 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.57 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.23 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 7,216 की मौत हुई है। फिलहाल 25,913 लोगों का इलाज चल रहा है।

6. राजस्थान

यहां मंगलवार को 2,236 संक्रमितों की पहचान हुई। 851 मरीज ठीक हुए और 13 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक करीब 3.43 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.24 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,854 ने जान गंवाई है। फिलहाल 16,140 मरीजों का इलाज चल रहा है।

कल 33 लाख लोगों को दी गई वैक्सीन की डोज

देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने की अभियान की शुरुआत हुई थी। 6 अप्रैल तक देशभर में 8 करोड़ 70 लाख कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 33 लाख 37 हजार टीके लगे। वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था। 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर से सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है।

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.30 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 93 फीसदी है। एक्टिव केस बढ़कर सवा 6 फीसदी हो गया है। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 5वां स्थान है।