खेल- खेल में मौत: छत पर गया था बच्चा, कुछ देर बाद मां पहुंची तो नजारा देखकर हुई बेहोश !

ख़बरें अभी तक || हरियाणा के करनाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खेल- खेल में 8 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि करनाल के जाटो गेट के पास रहने वाले बजिंद्र सिंह का आठ वर्षीय बेटा जयदीप बुधवार शाम को घर की छत पर खेल रहा था। जबकि माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर ही थे। परिजनों के मुताबिक 6 साल का छोटा बेटा मंदीप और साढ़े तीन साल का दक्षु घर में सो रहे थे।

उसी दौरान जयदीप अचानक छत पर चला गया।  छत पर वह सूखाने के लिए तार पर टांगे गए कपड़ों से खेलता रहा। काफी देर तक जयदीप छत से नीचे नहीं आया और आवाज लगाने पर भी नहीं बोला तो चिंतित मां छत पर पहुंची। छत का नजारा हैरान करने वाला था। मां ने बेटे को चुन्नी के फंदे में फंसा देखा तो उसकी चीख निकली और वह बेहोश होकर गिर गई। चीख सुनते ही परिवार के अन्य सदस्य छत पर गए तो यह दृश्य देख सन्न रह गए। आनन-फानन में जयदीप को कल्पना चावला राजकीय अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने 8 साल के जयदीप को मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद जयदीप की मां ने खुद को संभाला। बेटे के खोने के गम में जहां माता-पिता गम में डूब गए तो पूरे परिवार में मातम छा गया।

परिजनों का कहना है कि उन्हें जरा भी आभास नहीं था कि उनका मासूम इस तरह खेल-खेल में चुन्नी के फंदे में अचानक उलझ जाएगा और उसकी इस तरह से मौत हो जाएगी। बच्चे अक्सर छत पर तो कभी गली में खेलते रहते थे। उसके दोनों छोटे भाई सो रहे थे, जबकि जयदीप पहले उनके साथ घर में खेलता रहा और फिर अचानक छत पर जाकर खेलने लगा। वही मृतक बच्चे के ताऊ सोनू का कहना है कि उसका भाई मेन बाजार में कपड़े की दुकान पर मजदूरी कर अपने तीन बच्चों के परिवार का गुजारा चला रहा था। जयदीप को पहली कक्षा में दाखिल कराया था, तो उसके बाद लॉकडाउन के चलते एक साल से घर पर ही था।