Coronavirus Update: देश में कोरोना का कहर जारी, 24 घंटे में 40 हजार से ज्यादा केस, इन पांच राज्यों में बढ़ रहे संक्रमण के मामले ?

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना की नई लहर का प्रकोप जारी है। पिछले साल की तरह इस साल भी एक बार फिर हालात बिगड़ने लगे हैं। तेजी से हो रहे वैक्सीनेशन के बावदूज बीते 24 घंटों में कोरोना  संक्रमण के 40 हजार 715 नए केस सामने आए हैं। इससे पहले 40 हजार से कम मामले 19 मार्च को सामने आए थे। देश में कल कोरोना से 199 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि कल 29 हजार 785 लोग ठीक भी हुए हैं। वहीं देश के 5 राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलो ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है।

जानिए अभी तक के ताजा आंकड़े

कुल मामले- 1 करोड़ 16 लाख 86 हजार 796

कुल डिस्चार्ज- 1 करोड़ 11 लाख 81 हजार 253

कुल एक्टिव केस- 3 लाख 45 हजार 377

कुल मौत- 1 लाख 60 हजार 166

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक कुल 1 करोड़ 16 लाख 86 हजार 796 मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि, इसमें से 1 करोड़ 11 लाख 81 हजार 253 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 3 लाख 45 हजार 377 हो गए हैं। भारत में कोरोना से अब तक कुल 1 लाख 60 हजार 166 लोगों की मौत हो चुकी है।

4 करोड़ के पार वैक्सीनेशन

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश में अबतक कोरोना वैक्सीन की चार करोड़ 84 लाख 94 हजार 594 डोज दी गई हैं। वहीं, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानि ICMR ने जानकारी दी है कि 22 मार्च 2021 तक पूरे देश भर में कोरोना के 23 करोड़ 54 लाख 13 हजार 233 सैंपलों की जांच की गई है। कल पूरे देश में 9 लाख 67 हजार 459 सैंपलों की जांच की गई।

कोरोना के सक्रिय मामले बढ़े

भारत में एक बार फिर से कोरोना के एक्टिव केस तेजी से बढ़ने लगे हैं। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 10,731 सक्रिय मामले बढ़े हैं। इससे एक्टिव रेट की दर बढ़कर (2.96% हो गई है। देश की रिकवरी दर भी बढ़ रही है। बीते 24 घंटों में कोरोना से 29785 लोग ठीक हुए हैं। इससे रिकवरी रेट बढ़कर 95.67% हो गई है। भारत की कोरोना मृत्यु दर फिलहाल 1.37% है।

पांच राज्यों में बढ़ रहे संक्रमण के मामले

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और मध्य प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं और संक्रमण के नए मामलों में इन राज्यों की भागीदारी 80.5 प्रतिशत की है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में 30,535 नए मामले सामने आए जो एक दिन में सामने आने वाले मामलों की सबसे ज्यादा संख्या है। इसके साथ ही पंजाब में 2,644 और केरल में 1,875 नए मामले सामने आए। मंत्रालय ने कहा कि महामारी से होने वाली मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत है और यह लगातार घट रही है। कुल 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटे में महामारी से किसी की मौत नहीं हुई।