5 बच्चों पर गिरी दीवार, 13 साल के बच्चे की मौत, एक की हालत गंभीर

ख़बरें अभी तक || हरियाणा के पानीपत में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां ज्‍वाहरा रोड पर कंसल भट्ठे में पांच बच्चों पर दीवार गिर गई। इस हादसे में 13 साल के बच्चे की मौत हो गई। जबकि एक बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं तीन अन्य बच्चों को भी चोटें आई है, मगर उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली में कैराना के सुंदर नगर निवासी साहिल के रूप में हुई है।

साहिल के माता- पिता यहां पर मजदूरी करते हैं। पिता इस्लाम ने बताया कि उनके तीन बच्चे 6 साल का बेटा सलमान, 13 साल का साहिल और 4 साल का सुबहान घर में खेल रहे थे। उनके साथ 6 साल का सादिक और 9 साल की फातिमा भी थीं। बताया जा रहा है कि सुबह के समय ठेकेदार ने पांचों बच्चों को टॉफी और कुछ पैसे देने का लालच देकर ईटें उठाने के लिए बुला लिया। ईटें ट्रॉली में भरनी थीं। जैसे ही बच्चों ने ईंटें उठाई, दीवार उनके ऊपर गिर गई।

चिल्लाने की आवाज सुनकर इस्लाम और उसकी पत्नी दौड़े आए तो देखा कि साहिल बेहोश था। वहीं बाकी बच्चे जोर-जोर से रो रहे थे। आनन-फानन में बच्चों को उठाकर PGI खानपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान साहिल ने दम तोड़ दिया। जबकि सादिक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसको रोहतक PGI रेफर किया गया है। बाकी तीन बच्‍चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक बच्चे के पिता इस्लाम ने इस मामले में भट्‌ठे के ठेकेदार के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।