शादी से पहले ही अचानक लापता हुआ दूल्हा, डेढ़ महीने बाद होनी थी शादी

ख़बरें अभी तक || हरियाणा के करनाल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाला एक परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। करीब डेढ़ महीने बाद उनके घर में बेटे की शादी होनी थी। लेकिन अचानक परिवार में गम का माहौल छा गया। क्योंकि जिस बेटे की शादी होनी थी वह अचानक लापता हो गया। युवक की बाइक मधुबन में नहर किनारे मिली है। जिसके बाद उसके नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा वाक्या करनाल के स्कूल एरिया नीलोखेड़ी में रहने वाले एक परिवार के साथ हुआ। करीब डेढ़ महीने बाद 30 अप्रैल को घर में शादी होनी थी, जिसके लिए पूरा परिवार जोरो-शोरो से तैयारियों में जुटा हुआ था। लेकिन अब पूरा परिवार चिंता में है। क्योंकि घर का जवान बेटा शादी के कुछ दिन पहले ही अचानक लापता हो गया। बताया जा रहा है कि नीलोखेड़ी निवासी 27 वर्षीय आदित्य की 30 अप्रैल को शादी होनी थी, मगर वह शादी से पहले ही लापता हो गया।

आदित्य के भाई आशीष ने बताया कि बीए तक की पढ़ाई कर चुके आदित्य की 30 अप्रैल को शादी होनी है। जिसके लिए घर में तैयारियां शुरू हो चुकी थी। इसी बीच शनिवार सुबह ही आदित्य अपनी बाइक लेकर सामान लेने के लिए निकला था। जिसके बाद वह दोपहर तक भी घर वापस नहीं लौटा। जिस पर परिवार वालों को चिंता हुई और उन्होंने अपने स्तर पर आसपास तलाश की, लेकिन आदित्य का कोई पता नहीं लगा। उन्होंने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई तो पुलिस ने भी उसकी तलाश शुरू की।

शनिवार देर शाम पता चला कि आदित्य की बाइक मधुबन पक्के पुल के पास नहर किनारे खड़ी है। इसी जगह नहर पर किसी व्यक्ति के गिरने के निशान भी दिखाई दिए। इसके चलते आशंका जताई गई कि आदित्य नहर में गिरा है। सुबह होते ही पुलिस और परिजनों ने कुरुक्षेत्र से गोताखोरों की टीम बुलाई। टीम ने सर्च आपॅरेशन शुरू किया और नहर में करीब तीन किलोमीटर तक खंगाला। इसके बावजूद आदित्य का कोई पता नहीं चल पाया। वहीं इस मामले में बुटाना थाना एसएचओ ललित कुमार का कहना है कि शनिवार को ही आदित्य के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी। उसकी बाइक मधुबन थाना क्षेत्र में नहर किनारे मिली है, जिसके चलते उसकी नहर में तलाश की जा रही है।