Covid-19 updates: भारत में कोरोना ने फिर पकड़ी रफ्तार! ढाई महीने बाद एक दिन में 25 हजार से ज्यादा केस, जानिए आकड़े

खबरें अभी तक || दुनियाभर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 करोड़ के पार पहुंच गई। बीते 24 घंटे में कोरोना के 4 लाख 41 हजार 891 नए मामले सामने आए और 8,071 लोगों की मौत भी हुई। वहीं बात भारत की करें तो यहां भी कोरोना मामलों का ग्राफ तेजी से चढ़ रहा है। हर दिन कोरोना मामलों की संख्या बढ़ोतरी हो रही है। लगभग ढाई महीने के बाद भारत में एक दिन में 25 हजार से ज्यादा कोरोना केस मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 25,317 हजार नए कोरोना केस सामने आए है और 158 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि 16,637 लोग ने कोरोना को मात भी दी है। इससे पहले 16 दिसंबर 2020 को 26,624 कोरोना केस दर्ज किए गए थे।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर एक करोड़ 13 लाख 59 हजार 45 हो गए हैं। इनमें से एक लाख 58 हजार 604 लोगों की जान जा चुकी है। कुल एक करोड़ 9 लाख 89 हजार 897 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। देश में अब एक्टिव केस की संख्या बढ़कर दो लाख 10 हजार 544 हो गई है यानी कि इतने लोग अभी कोरोना संक्रमित हैं।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा केस

बात महाराष्ट्र की करें तो शनिवार को कोविड-19 के 15,602 नए मामले सामने आने के साथ राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 22,97,793 पहुंच गई। राज्य में और 88 लोगों की महामारी से मौत होने की पुष्टि हुई है। राज्य के अस्पतालों से शनिवार को कोविड-19 के 7,461 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से ठीक वालों की संख्या बढ़ कर 21,25,211 पहुंच गई. राज्य में अब 1,18,525 एक्टिव मरीज हैं।

तीन करोड़ कोरोना टीका लगे

देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने की अभियान की शुरुआत हुई थी। 13 मार्च तक देशभर में 2 करोड़ 97 लाख 38 हजार 409 स्वास्थ्यकर्मियों, बुजुर्गों और कोरोना योद्धाओं को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है। बीते दिन 15 लाख 19 हजार 952 लोगों को टीका लगा। वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था।

कुछ राज्यों में कोरोना से एक भी मौत नहीं

देश में कोरोना से सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में हुई है। लेकिन कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां कोरोना से एक भी संक्रमित शख्स की मौत नहीं हुई है। ये जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों से मिली है। ये कुछ राज्य हैं- अंडमान व निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, असम, दादरा नगर हवेली, कर्नाटक, लद्दाख, लक्षद्वीप, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा आदि।

कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में हुई है। मौत के मामले में अमेरिका, ब्राजील और मैक्सिको के बाद भारत का नंबर है। देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.40 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 97 फीसदी है। एक्टिव केस 1.78 फीसदी है। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 11वां स्थान है।