चंडीगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी, इस नेता के ठिकानों पर हो रही है ED की कार्रवाई

Khabrein Abhi Tak, Chandigarh, 9 March 2021

कभी कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी और इसके बाद अपनी खुद की पंजाब एकता पार्टी बनाने वाले सुखपाल सिंह खैरा के कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी चल रही है। यह छापेमारी पंजाब के पांच स्थानों, चंडीगढ़ में एक (सेक्टर पांच स्थित) और दिल्ली में दो जगह की जा रही है। सुखपाल सिंह खैरा के ठिकानों पर यह रेड मनी लॉन्ड्रिंग और फर्जी पासपोर्ट रैकेट मामले में की गई है।

बता दें कि, ईडी अधिकारियों की टीम ने सुबह जल्द ही खैरा के अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचकर अपनी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बताया जाता है कि इस मामले में ईडी को 2017 में शिकायत मिली थी।

गौरतलब है कि, सुखपाल सिंह खैरा इस समय आम आदमी पार्टी में रहते हुए चुने गए विधायक है। हालांकि, अब सुखपाल सिंह खैरा का आप से कोई सम्बन्ध नहीं है। 2017 में सुखपाल सिंह खैरा पर गलत गतिविधियों के आरोप लगने के बाद आप ने उनको पार्टी से ससपेंड कर दिया था। इसके बाद जनवरी 2019 में खैरा ने भी आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और फिर अपनी पार्टी पंजाब एकता पार्टी का गठन कर लिया। बतादें कि आम आदमी पार्टी में शामिल होने से पहले सुखपाल सिंह खैरा कांग्रेस के नेता थे और इस पार्टी में रहते हुए भी वह विधायक चुने जा चुके हैं।