प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में विशाल रैली को किया संबोधित, ममता बनर्जी पर साधा निशाना

Khabrain Abhi Tak, 7 March 2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में विशाल रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा और कहा कि लोकसभा में टीएमसी हाफ, इस बार साफ। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में आपने चुपचाप कमल छाप से कमाल किया। आपके एक वोट की ताकत कश्मीर से लेकर अयोध्या तक दिखी है।

उन्होंने कहा कि इस बार आपको जोर से छाप, टीमएसी साफ के इरादे से आगे बढ़ना है। भाजपा वो पार्टी है, जिसके डीएनए में बंगाल का सूत्र है। भाजपा वो पार्टी है, जिस पर बंगाल का अधिकार है। भाजपा वो पार्टी है जिस पर बंगाल का कर्ज है। भाजपा ये कर्ज कभी चुका नहीं सकती, लेकिन बंगाल की माटी का तिलक लगाकर उसे विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाना चाहती है।

ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल ने आपको दीदी के रूप में चुना था, लेकिन आप सिर्फ एक भतीजे की बुआ बनकर रह गईं। बंगाल के लोग आपसे केवल यही एक सवाल पूछ रहे हैं। बंगाल ने परिवर्तन के लिए ममता दीदी पर भरोसा किया था। लेकिन दीदी ने ये भरोसा तोड़ दिया। इन लोगों ने बंगाल का विश्वास तोड़ा। इन लोगों ने बंगाल को अपमानित किया। यहां की बहन-बेटियों पर अत्याचार किया, लेकिन ये लोग बंगाल की उम्मीद कभी नहीं तोड़ पाए।