कुंडली बार्डर पर धरने में शामिल युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, केएमपी के जाम में था शामिल

Khabrain Abhi Tak, March 7, 2021

किसान आंदोलन को आज 101 दिन हो गए है लेकिन अभी तक कृषि कानूनों को लेकर कोई समाधान नहीं हुआ है। वहीं बोर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ लगातार धरना दे रहे किनानों में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लेकिन किसान लगातार अपने अपनी जिद्द पर अड़े हुए है।

दिल्ली से सटे हरियाणा के कुंडली बार्डर पर धरने में शामिल एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कुंडली बॉर्डर पर चल रहे धरने में भाग लेने के लिए करनाल के ठरी असगंध गांव का रहने वाला 30 वर्षीय युवक रविंद्र भी आया हुआ था। वह आंदोलन और धरने में लगातार शामिल था। उसने शनिवार को आयोजित केएमपी के जाम में भी हिस्सा लिया था। वह अपने गांव के अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर की ट्राली में बनाए गए कैंप में ठहरा हुआ था।

उनके साथ के अन्य लोगों ने बताया कि रविंद्र का स्वास्थ्य शनिवार शाम तक बिल्कुल ठीक था। उसने खाना खाया था और फिर रात को सभी के साथ सो गया। सुबह अन्य लोगों के जागने के बाद भी जब रविंद्र नहीं उठा, तो साथियों ने जाकर देखा। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उस पर तत्काल चिकित्सक को बुलाया गया।

चिकित्सक की सलाह पर उसको एंबुलेंस से सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। साथियों ने इसकी सूचना पुलिस और मृतक के परिवार के लोगों को दी। पुलिस करनाल से मृतक के परिवार के लोगों के आने का इंतजार कर रही है। उसके बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। माना जा रहा है कि उसको हार्टअटैक हो सकता है। बॉर्डर पर अभी तक 25 लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।