जनता पर महंगाई की मार, पेट्रोल-डीजल के बाद गैस सिलेंडर के बढ़े दाम

ख़बरें अभी तक || देश में लगातार बढ़ते पेट्रोल -डीजल के दाम से जहां एक तरफ लोग परेशान है तो वहीं अब गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ने लोगों को एक और बड़ा झटका दे दिया है। पेट्रोल- डीजल के बाद अब गैस सिलेंडर के दाम में लगभग 50 रूपये की बढ़ोतरी हुई है। जिससे आम जनता पर महंगाई की मार पड़ी है। भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें हर रोज नया रिकॉर्ड बनाती जा रही हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां प्रतिदिन तेल के भावों में संशोधन कर रही है।

पेट्रोल- डीजल के लगातार बढ़ रहे दामों ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि वो वाहन चलाए या फिर नहीं। इसी बीच हरियाणा के अंबाला में पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों पर लोगों का कहना है कि उनकी मज़बूरी है कि उन्हें गाड़ियों में पेट्रोल डलवाना पढता है। उन्होंने कहा कि इसके बारे में सरकार को सोचना चाहिए, क्योंकि बढ़ते पेट्रोल -डीजल के दाम से गरीब और माध्यम वर्ग के लोगों पर काफी असर पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ अब लोगों के लिए रसोई का चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है। क्योकि तेल के बाद अब गैस सिलेंडर के भाव भी बढ़ गए है।

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले गैस सिलेंडर के दाम में लगभग 50 रूपये की बढ़ोतरी हुई। जिस पर घरेलू महिलाओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने पहले ही उनकी कमर तोड़ रखी थी और अब गैस सिलेंडर के दाम भी पहले से और बढ़ने के कारण उनकी रसोई का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। महिलाओं ने कहा कि सरकार को आम जनता के बारे में कुछ सोचना चाहिए, क्योंकि लगातार बढ़ती महंगाई की वजह से उनका घर का खर्च चलाना बहुत मुश्किल हो गया है। इतनी उनकी कमाई नहीं होती जितना ख़र्च हो जाता है। वहीं गैस सिलेंडर के बढ़े दामों को लेकर जब गैस एजेंसी मैनेजर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पहले 25 रूपये और अब 50 रूपये की बढ़ोतरी गैस सिलेंडर के दाम में हुई है। उन्होंने कहा कि ये रेट सरकार द्वारा ही तय किए जाते है, इससे एजेंसी का कुछ लेना देना नहीं होता।