अंबाला में युवक की हत्या, पार्षद के परिवार पर लगे गंभीर आरोप

ख़बरें अभी तक || हरियाणा में लगातार क्राइम का ग्राफ बढ़ रहा है। इसी बीच अब अंबाला से दो गुटों में खूनी झड़प का एक मामला सामने आया है। इस झड़प में एक नौजवान युवक की जान चली गई। जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस घटना के बाद मृतक युवक और उसके पिता को शहर के सिविल अस्पताल लाया गया। यहां मृतक युवक के पिता की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया  गया। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक मामला अंबाला शहर के गोवर्धन नगर का है। यहां देर शाम दो गुटों में झड़प हुई तो, एक गुट ने दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें लगभग 25 वर्षीय अरुण नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अरुण के पिता नरेश की छाती में तेजधार हथियार लगने से वो भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

झड़प के बाद मृतक और घायल को अस्पताल लाया गया। जहां से घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं इस पूरे मामले में मृतक के परिजनों ने वार्ड नंबर 14 से नवनिर्वाचित पार्षदा के परिवार पर संगीन आरोप लगाए हैं। मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि गली में रास्ता देने को लेकर उनकी कहासुनी हुई थी।

जिसके बाद उन्होंने घर पर आकर चाकू से हमला कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही शहर के सिविल अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए इलाके के SHO  ने बताया कि तेजधार हथियार से हमला कर युवक की हत्या कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है।