खाना बनाते समय हीटर की चपेट में आने से व्यक्ति की दर्दनाक मौत

ख़बरें अभी तक || हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हीटर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मामला मंडी जिले के सुंदरनगर का है। यहां गांव पुंघडू में शोभा राम नाम का एक व्यक्ति किराए के मकान में रहता था।

बताया जा रहा है कि गांव नरायणा निवासी शोभा राम (46) सिहली स्कूल के सरकारी स्कूल में बतौर चपरासी कार्यरत था। मृतक शोभा राम 4 दिन पहले ही इस मकान में बतौर किराएदार रहने आया था। रोज की तरह वह बीते देर रात भी अपने कमरे में खाना बना रहा था। इसी दौरान कमरे में मौजूद हीटर की चपेट में आने से शोभा राम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और 5 बच्चे छोड़ गया है।

वहीं इस मामले में मृतक शोभा राम के मकान मालिक यश शर्मा ने कहा कि उनके घर में शोभा राम बतौर किराएदार रहता था और कुछ दिन पहले ही कमरा किराए पर लिया था। उन्होंने कहां कि रात के समय मृतक के कमरे से धुंआ और जलने की बदबू आई। इस पर कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो कमरे में शोभा राम जली हुई अवस्था में फर्श पर पड़ा हुआ था। यश शर्मा ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने कहा कि सुंदरनगर के पुंघडू गांव में एक व्यक्ति की उसके किराए के कमरे में हीटर की चपेट में आने के कारण मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर ले जाया गया है। मामले में जांच जारी है।