हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड

ख़बरें अभी तक || सर्दी के मौसम की शुरूआत के साथ ही ठंड भी बढ़ने लगी है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद अब मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। बात हरियाणा की करें तो यहां धुंध के साथ- साथ आसमान में कहीं- कहीं बादल भी नजर आए। वहीं विभाग कि मानें तो हरियाणा में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा।

पश्चिमीविक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हरियाणा के कई इलाकों में 11 दिसम्बर रात व 12 दिसम्बर को बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस पर अधिक जानकारी देते हुए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक मदन लाल खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विब्भोक्ष के कारण मैदानी क्षेत्रो में हवाएं चलने के कारण वातावरण में नमी अधिक होने से आज धुंध देखने को मिली है।

इसके साथ ही 11 दिसंबर व 12 दिसंबर को हरियाणा के सिरसा, हिसार, महेंद्रगढ़, रेवाडी, फतेहाबाद में बूंदा बांदी हो सकती है। उत्तरी हरियाणा में बारिश के आसार और तेज हवाएं चल सकती है। वहीं मौसम विभाग के वैज्ञानिक के अनुसार कई जगह पड़ी इस धुंध का गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा। इससे फसलों में कोई नाकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिक ने किसानों को सलाह दी है कि किसान अपनी फसलों में आवश्यता अनुसार पानी दें और जिन किसानों ने गेंहू की बिजाई नहीं की है वो अपनी बिजाई कर लें।