शादी के 4 दिन बाद गहने लेकर फरार हुई दुल्हन, सारी रात ढूंढते रहे ससुराल वाले !

ख़बरें अभी तक || हरियाणा के अंबाला से एक चौकानें वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज चार दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन गहनों और नकदी के साथ अपने ससुराल से फरार हो गई। वहीं जब ससुराल वालों को इस बारे में पता चला तो उनके होश उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक अंबाला के सरकपुर निवासी अमित की शादी राजौली डेरा निवासी सुजाता के साथ हुई थी। लेकिन शादी के चार दिन बाद ही बहू अचानक फरार हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिली तो ससुराल वालें थाने पहुंचे। सरकपुर निवासी बलबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेटे अमित की 29 अक्टूबर 2020 को शादी हुई थी।

शादी के दो दिन बाद उनकी बहू ने 12वीं कक्षा के कंपार्टमेंट के पेपर भी दिये। करवा चौथ के पहले दिन दुल्हन ने अपने पति का फोन लेकर सारा डाटा डिलीट कर दिया और उसके बाद अपने पति से लड़ाई झगड़ा कर लिया। लेकिन इसके बाद जो हुआ उसकी किसी को भनक तक न थी। नई नवेली दुल्हन ने देर रात तक सभी घर वालों के सोने का इंतजार किया और फिर वहां सोने के गहने, नकदी लेकर फरार हो गई।

रात के समय पति की नींद खुली तो उसने देखा कि उसकी बीवी कमरे में मौजूद नहीं थी। जिसके बाद वह कमरे से बाहर आया और अपने परिजनों को सूचना दी। पूरा परिवार रात भर नई नवेली बहू को ढूंढता रहा, लेकिन उसका कुछ अता- पता नहीं था। जिसके बाद पति अमित ने अपने ससुराल में संपर्क किया। तब पता चला की दूल्हन ने अपनी मां को भी नहीं बख्शा, वह उनकी भी सोने की चेन पर हाथ साफ कर गई। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।