राफेल की दूसरी खेप ने भारत में रखा कदम, फिर बढ़ेगी चीन- पाक की टेंशन !

ख़बरें अभी तक || भारतीय वायुसेना की ताकत में एक बार फिर इजाफा हुआ है। चीन से बढ़ते तनाव के बीच बुधवार को राफेल की दूसरी खेप भारत पहुंची। फ्रांस के इस्ट्रेस से नॉन-स्टॉप उड़ान भरने के बाद बुधवार को 3 राफेल लड़ाकू विमान भारत पहुंचे। देर रात 3 नए विमानों की गुजरात के जामनगर में हैप्पी लैंडिग हुई। वहीं भारतीय वायु सेना (IAF) ने इस पर जानकारी देते हुए बताया कि ‘राफेल विमानों का दूसरा जत्था फ्रांस से उड़ान भरने के बाद  बुधवार रात करीब 8:14 बजे भारत पहुंचा।

इस यात्रा के लिए भारतीय वायु सेना के पायलटों को फ्रांस के सेंट दिजिएर एयरबेस में ट्रेनिंग दी गई’।  बता दें कि इन तीन नए विमानों के आने के बाद भारत के पास कुल 8 राफेल विमान हो गए हैं। इससे पहले 27 जुलाई को फ्रांस के मेरिग्नाक बेस से उड़ान भरने के बाद 29 जुलाई को राफेल विमानों की पहली खेप भारत पहुंची थी। इस दौरान 5 राफेल विमानों को रिसीव करने के लिए एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया अंबाला एयरबेस पर मौजूद रहे। 10 सितंबर को अंबाला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘गोल्डन एरोज स्क्वॉड्रन’ में इन्हें शामिल किया गया था।   

बता दें कि भारत ने फ्रांस के साथ 36 राफेल लड़ाकू विमानों के लिए सौदा किया है। नवंबर के बाद जनवरी में फ्रांसीसी कंपनी दसॉ एविएशन 3 और राफेल विमानों की डिलीवरी देगी। फिर मार्च में तीन और विमान भारत को सौंपा जाएगा। इसी तरह 2021 में भारत को फ्रांस 7 और राफेल विमानों की डिलीवरी करेगा। जिसके बाद अप्रैल तक भारत को फ्रांस से 21 राफेल लड़ाकू विमान मिल जाएंगे।