घर में घुसकर महिला के साथ गैंगरेप, जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए आरोपी

ख़बरें अभी तक || हरियाणा के पलवल से एक बार फिर शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।  जहां घर में घुसकर महिला के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। वहीं जब पीड़ित महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और फिर वहां से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक पूरा मामला पलवल का है।

बताया जा रहा है कि रात के समय आरोपी जबरन महिला के घर में घुसे और फिर उसके साथ बारी- बारी से दुष्कर्म किया गया। महिला ने अपने पति को आपबीती बताई। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं इस मामले में अधिक जानकारी देते हुए पुलिस जांच अधिकारी एएसआई मुन्नी ने बताया कि एक 26 वर्षीय महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पति ड्राइवर है जो कि काम के सिलसिले में अधिकतर बाहर ही रहता है। बीते 9  सिंतबर को भी उसका पति काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था।

इसी बीच रात के समय पीड़िता बच्चों के साथ घर में सोई हुई थी। महिला के मुताबिक उसी रात करीब 12 बजे गांव दुरैंची निवासी आमीर, आरीफ और आशिक उसके घर में घुस आए। इसके बाद तीनों ने पीड़ित महिला का मुंह बंद कर उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब आरोपियों का विरोध किया तो वह जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। महिला ने फोन कर आपबीती अपने पति को बताई और पति की मदद से पुलिस को शिकायत दी। फिलहाल शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।