मानसून सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, जानें सत्र में क्या कुछ रहा खास ?

ख़बरें अभी तक || कोरोना काल के बीच बीते बुधवार को हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हुआ। इस दौरान विपक्ष ने सदन में खूब हंगामा किया। करीब तीन घंटे तक चली कार्यवाही को विधानसभा उपाध्यक्ष ने अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। सत्र में कोई नया बिल पेश नहीं हुआ। संशोधन बिल ही पास हुए।

सदन शुरू होते ही उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शोक प्रस्ताव पढ़ा। कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर सदन की कार्यवाही का संचालन रणबीर गंगवा ने किया। इस दौरान कांग्रेस विधायकों के शोर शराबा करने पर विज ने कहा कि क्या आप भूपेंद्र हुड्डा को अपना नेता नहीं मानते। कांग्रेस विधायक इसके बावजूद शांत नहीं हुए। स्पीकर ने बीच में हस्तक्षेप किया पर कांग्रेस विधायक नताजगी जताते रहे।

इसी बीच सदन में रजिस्ट्रियों का मुद्दा भी उठा और जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि रजिस्ट्री मामले की जांच होनी चाहिए। वहीं इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि उनके दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव मंजूर हुए हैं, उनके जवाब से मैं सहमत नहीं हूं। इन पर चर्चा अगले सत्र में कराई जाए। भूपेंद्र हुड्डा ने भी इसका समर्थन किया। इस पर स्पीकर ने कहा कि ऐसा ही होगा प्रस्ताव रद्द नहीं होंगे, भविष्य में बुलाए जाने वाले सत्र में इन पर चर्चा कराएंगे।