पिथौरागढ़ में बड़ा हादसा, मकान गिरने से मासूम बच्चों सहित 3 की मौत

ख़बरें अभी तक || उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से भारी बारिश का कहर जारी है। इसी बीच पिथौरागढ़ जिले में एक बार फिर बारिश का विकराल रुप देखने को मिला। यहां भारी बारिश के बाद बीती रात चैसर-बिण इलाके में मकान गिरने से उसके अंदर सो रहे 4 लोगों का परिवार दब गया। जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के कई जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। इसी बीच यहां पिथौरागढ़ के चैसर- बिण इलाके में एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि परिवार के चार लोग बीती रात अपने घर में सो रहे थे। इसी बीच सुबह करीब 4 बजे भारी बारिश के बाद मकान ढह गया।

जिससे घर के अंदर सो रहे सभी लोग उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने चारों शवों का मकान से बाहर निकाला। जिसमें कुशल नाथ (27) उनके दो बच्चे धन्नजय नाथ (4) और निकिता नाथ (2) की मौत हो गई। जबकि गंभीर हालत में एक महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। बता दें कि उत्तराखंड में भारी बारिश से हाल बेहाल है। जानकारी के मुताबिक, पिथौरागढ़ जिले के जाजर देवल, कनालीछीना, लूमती धारचूला, मुनस्यारी, जौलजीबी, बरम और मोरी समेत कई इलाकों में काफी दिनों से  मूसलाधार बारिश हो रही है। इसकी वजह से लगातार कई इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं।