यमुना में नहाने गए चार दोस्त डूबे, दो की हुई मौत

ख़बरें अभी तक || गर्मी से बचने के लिए अकसर लोग नदी नालों में नहाने जाते हैं। लेकिन इन दिनों मानसून के आगमन के बाद नदियां नाले उफान पर है और ऐसे में इसके पास जाना आपके लिए खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसा ही कुछ सोनीपत के गांव मलिकपुर में रहने वाले चार दोस्तों के साथ भी हुआ।

वह यमुना में नहाने के लिए गए तो 4 थे, लेकिन बदकिस्मती से लौटे 2 ही…! इन चार दोस्तों में से दो की यमुना में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक साहिल, आशीष उर्फ आशु, प्रवीण और संयम नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान नदी के बहाव में फंस गए। हालांकि चारों को डूबता देख आसपास स्नान कर रहे लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। प्रवीण को लोगों ने बचा लिया और संयम भी बाहर आ गया।

लेकिन आशीष और साहिल यमुना में ही डूब गए। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने दोनो के शवों को पानी से बाहर निकाला। वहीं इस मामले पर अधिक जानकारी देते हुए चौकी इंचार्ज सब्बल सिंह ने बताया कि यमुना में तलाशी अभियान चलाया गया और दोनों बच्चों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिए गए हैं।