Birthday Special:यो यो हनी सिंह जितने मशहूर उतना ही है विवादों से नाता,जानें इनकी जर्नी ऑफ म्यूजिक

ख़बरें अभी तक। पंजाब के एक छोटे से शहर होशियारपुर में जन्में हिरदेश सिंह उर्फ यो यो हनी सिंह आज वो आवाज है जिसके कानों में पड़ते ही लोग थिरकने पर मजबूर हो जाते है। इनको भला कौन नही जानता, हनी सिंह जो कि अपने स्टेज के नाम यो यो हनी सिंह से जाने जाते है, भारतीय रैपर, संगीत निर्माता हैं, गायक और फिल्म अभिनेता हैं। वे पहले एक रिकॉर्डिंग आर्टिस्ट थे और बाद में भांगड़ा प्रोड्यूसर बन गए। जल्‍द ही में उन्हें बॉलीवुड से ऑफर आने लगे और बॉलीवुड की कई फिल्मों में उन्होंने संगीत दिया तथा मशहूर गानों को रैप किया और बॉलीवुड के सबसे महंगे संगीत निर्माता बन गए। उनका सपना है कि वे एक दिन देश के लिए ग्रैमी अवार्ड जीत कर लाएं।

पंजाब से बॉलीवुड तक का सफर उनका वाकई बेहद मजेदार रहा है। फिल्म ‘शकल पे मत जा’ में पहली बार गाए गए अपने डेब्यू सांग के बाद से नोटिस किए गए। फिल्म ‘मस्तान’ में गाना गाने के लिए उन्हें 7 मिलीयन पे किया गया है जो कि बॉलीवुड में अब तक किसी भी गायक को पे किया जाने वाला सर्वाधिक अमाउंट है। उनका गाया हुआ गाना अंग्रेजी बीट सैफ अली खान की फिल्म कॉकटेल में भी दिखाया गया है।

इस बीच 2013 उनके लिए बेहद खास था क्योंकि इस समय उन्हें बॉलीवुड की बिग बजट फिल्में जैसे ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और बॉस में गाने का मौका मिला। उनका लुंगी डांस लोगों की जुबान पर चढ़ गया। उन्होंने फिल्म ‘भूतनाथ रिटर्न्स’ में भी अमिताभ बच्चन के साथ काम किया और गाना गाया।

छोटी बजट की फिल्में जैसे मेरे डैड की मारूति, बजाते रहो और फुगली में भी गाए गए उनके गाने काफी पापुलर हुए। वह 2014 में अचानक बॉलीवुड से गायब ही हो गए और किसी भी प्रकार का कोई संगीत महीनों तक नहीं दिया। उनके गायब होने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे मगर वे सब ज्यादातर फेक थे क्‍योंकि 2016 में जब वे सामने आये तो पता चला कि वे एक बीमारी के कारण सामने नहीं आ रहे थे।

विवादों से भी है गहरा नाता- उनके कुछ गानों के बोल ने भी उन्हें विवादों में लाकर खड़ा किया। उनके गानों के बोल कुछ संगठनों को काफी हिंसक लगे और उन्होंने हनी के खिलाफ एफआईआर भी करा दी। बाद में हनी ने सफाई देते हुए यह भी कहा कि यह गीत के बोल उनके द्वारा नहीं लिखे गए हैं। 4 अगस्त 2013 को उनके खिलाफ चल रहे मुकदमे को पंजाब और हरियाण कोर्ट ने खारिज कर दिया जिसमें उनके उपर यह आरोप था कि उन्होंने बलात्कारी गाना गाया है।

कोर्ट ने कहा कि इसका कोई सबूत नहीं है कि यह गाना हनी सिंह ने गाया है और यूट्यूब ऐसा माध्यम है जहां कोई भी किसी भी प्रकार का कंटेट किसी के भी नाम से डाल सकता है। इसके बाद बॉस फिल्म में भी गाए गए उनके गाने पार्टी ऑल नाइट पर भी विवाद गहरा चुका है।