लकड़ी के मकान में लगी भीषण आग, 75 वर्षीय वृद्ध महिला की जिंदा जलने से मौत

ख़बरें अभी तक। किन्नौर जिले स्थित पूह खंड के रोपा गांव में रविवार देर रात एक लकड़ी के मकान में आग लगने के कारण मकान जलकर राख हो गया। जबकि इस आगजनी में 75 वर्षीय महिला की भी जलकर मौत हो गई।  प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात के करीब ढाई बजे अचानक लकड़ी के मकान में आग लगी। इस दौरान मकान के अंदर मौजूद 75 वर्षीय बुजुर्ग की भी मौत हो गई। वहीं इस पर जानकारी देते हुए रोपा गांव के ग्रामीणों ने कहा कि मकान में आग देखने के  बाद उन्होंने आग को बुझाने की भी कोशिश की। लेकिन आग ने विकराल रुप ले लिया था। जिसकी वजह से पूरा मकान उसकी चपेट में आकर राख हो गया।

कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 4 बजे तक ग्रामीणों और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद वहां से वृद्ध महिला का शव बरामद किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि 75 वर्षीय कुमारीसनम नाम की वृद्ध महिला इस मकान में अकेली ही रहती थी। देर रात आग लगने के कारण वह भी इसकी चपेट में आ गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पूह पुलिस की टीम व पटवारी ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस पर एडीएम अश्वनी कुमार ने बताया कि आगजनी में डेढ़ लाख के करीब नुकसान हुआ है। फिलहाल मकान में आग लगने की वजह अभी तक सामने नहीं आ पायी है।