ईटों से भरे ट्रैक्टर में टकराने के बाद कार से उड़े परखच्चे, हादसे में 12 लोगों की मौत

ख़बरें अभी तक। बिहार के मुजफ्फरपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 12  लोगों के मारे जाने की खबर है। वही हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक हादसा उत्तरी पटना से 80 किलोमीटर दूर कांति इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर हुआ। यहां 14 लोगों को ले जा रही तेज रफ्तार कार विपरीत दिशा से आ रहे ईंटों से भरे ट्रैक्टर से टकरा गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति और कार सवार चार लोगों की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई।

वहीं गंभीर रुप से घायल कार सवार तीन लोगों की उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे पर अधिक जानकारी देते हुए जिला मजिस्ट्रेट चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि हथौरी इलाके के एक गांव के निवासी 14 लोग होली पर बक्सर से अपने घर लौट रहे थे। लेकिन इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर उनकी कार अचानक एक ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कार सवार तीन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।