सोनीपत पुलिस ने 8 मामलो में आरोपी इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार

ख़बरें अभी तक। सोनीपत की खरखौदा थाना पुलिस को आज बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने गांव खांडा बस स्टैंंड स्थित कन्फेक्शनरी दुकानदार व उसके पिता को गोली मारकर फरार हुए 25,000 रुपये के इनामी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने से पहले वह उनके परिवार के एक युवक की हत्या के मामले में भी नामजद था। हत्या में परिवार के सदस्य की मदद करने पर ही उसने दुकानदार व उसके पिता को गोली मार दी थी। आरोपी आठ मामलों में नामजद रहा है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।

बता दें कि खांडा निवासी आरोपी सोनू पर हत्या, हत्या के प्रयास और लूट की 9 वारदातें अंजाम देने का आरोप है।  सोनु पर लगे आरोप इस प्रकार है-

  • फरवरी 2019 में अपने गांव खांडा में हत्या करने का आरोप।
  • मार्च, 2019 में थाना खरखौदा के गांव खांडा के पास भट्ठे से 1.20 लाख रुपये लूट का आरोप।
  • नवंबर, 2019 में खांडा में पिता-पुत्र पर गोली चलाने का आरोप।
  • मार्च, 2019 में थाना गन्नौर में हथियार के बल पर लूट की वारदात का आरोप।
  • वर्ष 2019 में पानीपत के थाना समालखा क्षेत्र में लूटपाट करने का आरोप।
  • वर्ष 2016 में झज्जर के गांव थाना बेरी में लड़ाई झगड़ा व मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप।
  • वर्ष 2019 में थाना आईएमटी जिला रोहतक में हथियार के बल पर डकैती डालने का आरोप।
  • गांव खेड़ी दहिया में शराब के ठेके पर गोली चलाई और आग लगाई।

वहीं सोनू की गिरफ्तारी के बाद डीएसपी हरेंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और मामले में कई खुलासे किए। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सोनीपत की खरखौदा थाना पुलिस ने सोनू नाम के बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई है।