23 वर्षीय महिला ने 6 जुड़वा बच्चों को दिया जन्म, 5 बच्चों की हुई मौत

ख़बरें अभी तक। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले से बेहद  ही चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां श्योपुर जिला अस्पताल में एक 23 वर्षीय महिला ने 35 मिनट में 6 जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। जिनमें 4 बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। इनमें दो बच्चियों ने जन्म के बाद ही दम तोड़ दिया। जबकि जन्म के करीब 8 घंटे बीत जाने के बाद तीन बच्चों की भी मौत हो गई। वहीं एक बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, मामला श्योपुर के जिला अस्पताल का है।

प्रसव पीड़ा होने पर बड़ोद तहसील निवासी महिला मूर्ति सुमन (23) को उसके परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जैसे ही महिला की सोनोग्राफी की तो उन्होंने देखा कि गर्भ में एक- दो या तीन नहीं बल्कि 6 बच्चे हैं। गर्भ में एक साथ 6 बच्चों को लेकर डॉक्टरों के हाथ- पैर फूल गए। इसी बीच महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बीएल यादव ने इस केस को सम्भालते हुए महिला का करीब 35 मिनट में नॉर्मल प्रसव कराया।

इस दौरान महिला ने 6 बच्चों को जन्म दिया। सिविल सर्जन डॉ. आरबी गोयल ने बताया कि बड़ोद तहसील की निवासी महिला मूर्ति सुमन ने शनिवार सुबह जिला अस्पताल में निर्धारित अवधि से पहले गर्भावस्था के 28वें सप्ताह में छह बच्चों को जन्म दिया। बच्चों का वजन 390 ग्राम से 780 ग्राम यानी सामान्य से कम था, जिससे उनकी मौत हो गई। जबकि एक बच्चे को उपचार जारी है।