‘ह्यूमन कंप्यूटर’ के नाम से मशहूर नासा की प्रसिद्ध गणितज्ञ कैथरीन जॉनसन का निधन

ख़बरें अभी तक। ‘ह्यूमन कंप्यूटर’ के नाम से मशहूर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) की गणितज्ञ कैथरीन जॉनसन का 101 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। अंतरिक्ष यात्रा से संबंधित उनकी गणनाओं ने अंतरिक्ष में मानव को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी वजह से ही अंतरिक्ष की दौड़ में अमेरिकी सोवियत संघ से आगे निकल पाया।

नासा ने सोमवार को कैथरीन के निधन की घोषणा की। वह 101 साल की थीं। कैथरीन नासा के कम्प्यूटर पूल का हिस्सा थीं। यह पूल गणितज्ञों का एक समूह था। इसी समूह द्वारा बनाए गए डाटा की सहायता से नासा ने अपने पहले सफल अंतरिक्ष मिशन को अंजाम दिया था। कैथरीन नासा के लिए काम करने वाली अश्वेत महिलाओं में से एक थीं।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक शिक्षिका के तौर पर की थी। वेस्ट वर्जीनिया के व्हाइट सल्फल स्प्रिंग में साल 1918 में जन्मी कैथरीन की गणित की प्रतिभा शुरुआत से ही दिखने लगी थी। कैथरीन की नासा बायोग्राफी के मुताबिक वह उन तीन अश्वेत विद्यार्थियों में से एक थीं जिन्हें वेस्ट वर्जीनिया के स्नातक कॉलेजों को एकीकृत करने के लिए चुना गया था।