नई होंडा सिटी भारतीय बाजार में जल्द होगी पेश,जानिए इसके खास फीचर्स

ख़बरें अभी तक। होंडा ने बीते साल में नई जनरेशन की सिटी सेडान से अंतरराष्ट्रीय बाजार में नवंबर 2019 में पर्दा उठाया था। साथ ही इसे भारत की सड़कों पर भी कई बार टेस्टिंग के दौरान स्पॉट भी किया जा चुका है। अब खबर ये है कि कंपनी इसे भारत में पेश करने की तैयारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक भारत में इसे 16 मार्च को शोकेस किया जा सकता है।

वहीं थाईलैंड में पेश की गई पांचवी जनरेशन की होंडा सिटी के बारें में कहे तो यह भारत में मौजूद सिटी सेडान से 113 मिलीमीटर ज्यादा लंबी और 53 मिलीमीटर ज्यादा चौड़ी है। भारत में उपलब्ध कार की लंबाई 4440 मिलीमीटर और चौड़ाई 1695 मिलीमीटर है। थाईलैंड मॉडल का व्हीलबेस 2589 मिलीमीटर है, जो कि भारतीय मॉडल से 11 मिलीमीटर छोटा है। ऐसे में शायद भारत आने वाली नई होंडा सिटी में भी कुछ अंतर देखने को मिलें।

बता दें कि नई सिटी सेडान होंडा के दूसरे मॉडल्स की तरह ही नई स्टाइलिंग लिए हुए है। इसकी डिज़ाइन अमेज़ की तरह ही है। वैसे यह ज्यादा प्रीमियम नज़र आती है। इसमें एलईडी डीआरएल के साथ नए एलईडी हेडलैंप्स दिए गए हैं। पहले की तरह इसके दोनों हेडलैंप के बीच एक क्रोम पट्टी दी गई है। नई सिटी के पीछे वाले हिस्से में सबसे बड़ा बदलाव हुआ है। यहां पहले के मुकाबले ज्यादा स्मूद कर्व डिज़ाइन दी गई है। गाड़ी को प्रीमियम लुक देने के लिए इसमें नए एलईडी टेललैंप्स दिए गए हैं। इसका रियर बंपर पहले के मुकाबले ज्यादा मोटा है जिससे इसका लुक स्पोर्टी दिखाई पड़ रहा है। भारत आने वाली नई होंडा सिटी के टॉप वेरिएंट में थाईलैंड में उपलब्ध सिटी आरएस के कुछ फीचर और डिजाइन एलिमेंट्स दिए जाने की संभावना है।

वहीं इस अपकमिंग कार में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन नहीं दिया जाएगा। बल्कि शायद इसमें कंपनी इसमें बीएस6 नॉर्म्स वाला 1.5-पेट्रोल और डीजल इंजन देगी। खबर हैं की इसमें पहली बार डीजल इंजन के साथ सीवीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी दिया जा सकता है। साथ ही कहा जा रहा है कि कंपनी भारत में 2021 तक इसका पेट्रोल-हाइब्रिड वेरिएंट भी उतारने पर विचार कर रही है। वहीं 2020 होंडा सिटी के इंटीरियर में कंपनी नए लेआउट वाला डैशबोर्ड दे सकती हैअनुमान है कि इंडियन वर्जन में मौजूदा मॉडल वाली 8.0-टचस्क्रीन डिस्प्ले दी जा सकती है। वहीं, क्लाइमेट कंट्रोल पैनल को कंपनी इसमें अपडेट करके पेश करने की पूरी संभावना है।

भारत में नई जनरेशन सिटी को अप्रैल 2020 तक लॉन्च किए जाने की संभावना है। होंडा ने इसकी कीमत को लेकर फिलहाल खुलासा नहीं किया है। कयास लगाए जा रहे है कि इसकी कीमत हालिया मॉडल से ज्यादा होगी।  वहीं वर्तमान में होंडा सिटी की कीमत 9.91 लाख रुपए से 14.31 लाख रुपए (एक्स-शोरूम दिल्ली) के बीच रखी गई है। लॉन्च के बाद सेगमेंट में इसका मुकाबला हुंडई वरना, टोयोटा यारिस, मारुति सुजुकी सियाज़, फोक्सवैगन वेंटो और स्कोडा रैपिड जैसी जबरदस्त कारों से होता दिखाई देगा।