दिल्ली चुनाव पर सुभाष बराला का बयान, बोले-आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों हैं बेचैन

खबरें अभी तक। दिल्ली में चुनाव के लिए वोटिंग हो चुकी है और कुछ घंटो बाद जनता का फैसला भी देश के सामने होगा लेकिन इसी बीच हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा है कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। साथ ही बराला ने आम आदमी पार्टी और काग्रेंस पर भी जुबानी हमला किया और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आरोपों पर भी जवाब देते हुए कहा कि हुड्डा सिर्फ आरोप लगाने के लिए आरोप लगा रहे हैं।

संगठन चुनाव को लेकर हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला मंडल स्तर पर रायशुमारी करने के लिए रोहतक पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सुभाष बराला ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं की बेचैनी बता रही है कि वहां पर लोगों ने भाजपा के लिए वोट किया है और दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। विरोधियों पर हमला करते हुए बराला ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अगर जीतती है तो ईवीएम सही होती हैं और अगर ये पार्टियां हारती हैं तो ईवीएम को गलत ठहराने लग जाती हैं।

हरियाणा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा किए गए जुबानी हमले  पर आज सुभाष बराला ने पलटवार भी किया और कहा कि हुड्डा सिर्फ आरोप लगाने के लिए आरोप लगा रहे हैं और उनमें कोई सच्चाई नहीं है। जहां तक धान घोटाले का जिक्र है तो सरकार इसकी जांच करवा रही है और अगर इसमें कोई भी दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ निश्चित तौर पर कार्यवाही होगी।