जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के शताब्दी वर्ष समारोह में CM त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लिया हिस्सा

खबरें अभी तक। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के शताब्दी वर्ष समारोह में प्रतिभाग किया। अपने संबोधन में जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के शताब्दी वर्ष समारोह के अवसर पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने हेतु लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गन्ना किसानों का 100 परसेंट पेमेंट किया है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने खांडसारी उद्योग का लाइसेंस देना शुरू किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गुड़ के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सरकार कार्य कर रही है। गन्ने से इथेनॉल बनाने पर बल दिया जा रहा है। सरकार की योजनाएं किसानों तक पहुंच सकें इसके लिए किसानों को जागरूक होना आवश्यक है। उन्हें प्राकृतिक खेती को अपनाते हुए, बढ़ावा देना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों के लिए जीरो बजट खेती फायदेमंद हो सकती है, उन्होंने कहा कि किसान नई तकनीक के इस्तेमाल से एवं खेती की लागत कम करके अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं।

सहकारी बैंक के शताब्दी वर्ष की बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि किसी भी संस्था के सौ वर्ष का सफर बहुत महत्वपूर्ण होता है। यह बहुत प्रसन्नता की बात है। यह वरिष्ठ बैंक है। इसे सबके लिए आदर्श होना चाहिए। यह बैंक मार्गदर्शन का कार्य कर सकता है। मुख्यमंत्री एवं सहकारिता मंत्री के नेतृत्व में काफी अच्छा कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, गरीबी उन्मूलन और किसानों की आय दोगुनी करने के क्षेत्र में भी अच्छा कार्य हुआ। प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब और संपन्न वर्ग के बीच की खाई को कम करने का काम किया है।