साइकिल सवार दो भाईयों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत

ख़बरें अभी तक।  हरियाणा के जींद से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक तेज रफ्तार वाहन ने दो सगे भाईयों को रौंद दिया। जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं घटना की सूचना मिलन के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक जींद के गुलकनी गांव में राम मेहर सिंह के दो बेटे 14 वर्षीय वीरेन और 13 वर्षीय आशीष साइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में खड्डे की वजह से उनकी साइकिल फिसल गई और दोनों गिर गए। इसी दौरान अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों भाईयों को रौंद दिया। इस हादसे में दोनों भाईयों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।