गणतंत्र दिवस: राष्ट्रपति ने फहराया तिरंगा, राजपथ पर पूरी दुनिया ने देखी भारत की ताकत

ख़बरें अभी तक। देशभर में आज 71वें गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। देश के सभी राज्यों में गणतंत्र दिवस की धूम दिखी। राजपथ पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तिरंगा फहराया। ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो भारत के 71वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान उन्होंने राजपथ पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य नेताओं के साथ भव्य परेड देखी। राजपथ पर भारत के भव्य इतिहास, विशाल संस्कृति, हथियारों के प्रदर्शन को आज दुनियाभर में देखा गया।

गणतंत्र दिवस के इस समारोह में विभिन्न राज्यों और मंत्रालयों की 22 झांकियों के जरिए देशवासियों को अलग-अलग संदेश दिए गए। इसके साथ ही इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में कुछ चीजें ऐसी हुई जो पहले कभी न हुई हो। गणतंत्र दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने इंडिया गेट पर स्थित अमर जवान ज्योति के बजाय पहली बार यहां नवनिर्मित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इंडिया गेट परिसर स्थित इस स्मारक का पिछले साल 25 फरवरी को उद्घाटन हुआ था।