देश आज मना रहा 71 वां गणतंत्र दिवस, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राजपथ पर फहराएंगें तिरंगा

ख़बरें अभी तक। देशभर में आज 71 वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। नई दिल्ली स्थित राजपथ पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद परेड की सलामी लेंगे। गणतंत्र दिवस समारोह में ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर मेसियस बोल्सुनारो मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह राष्ट्रपति भवन में बोल्सोनारो की अगवानी की थी। ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। गणतंत्र दिवस के मौके पर देश के 16 राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और 6 मंत्रालय परेड में हिस्सा लेंगे। परेड के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।

गणतन्त्र दिवस भारत का एक राष्ट्रीय पर्व है जो हर साल 26 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन सन् 1950 को भारत सरकार अधिनियम (एक्ट) (1935) को हटाकर भारत का संविधान लागू किया गया था। एक स्वतंत्र गणराज्य बनने और देश में कानून का राज स्थापित करने के लिए संविधान को 26 नवम्बर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा अपनाया गया और 26 जनवरी 1950 को इसे एक लोकतांत्रिक सरकार प्रणाली के साथ लागू किया गया था।