ट्रिपल मर्डर केस: संजय अरोड़ा की इलाज के दौरान मौत, जेब से मिली अनिल विज को लिखी चिट्ठी

ख़बरें अभी तक। चंडीगढ़ के मनीमाजरा क्षेत्र के मॉडर्न हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के मकान नंबर 5012 में रहने वाले संजय अरोड़ा की इलाज के दौरान मौत हो गई है। बता दें कि मॉडर्न कॉम्प्लेक्स में बुधवार को मकान नंबर-5012 में मां, उसकी बेटी और बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वहीं पंचकूला सेक्टर-9 मार्केट की श्रीकृष्णा स्वीट्स के मालिक संजय अरोड़ा ने बुधवार रात को ट्रेन से कटकर जान देने की कोशिश की थी। इसमें वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से अभी डिक्लेयर नहीं किया गया है कि कत्ल में संजय अरोड़ा खुद शामिल थे। पुलिस को शक है कि परिवार के कत्ल में संजय के अलावा किसी और का भी हाथ हो सकता है। बताया जा रहा है कि संजय अरोड़ा पर 8 करोड़ का कर्जा था। हालांकि, असलियत में वे 70 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी के मालिक थे। इसलिए कई सवाल भी उठ रहे हैं।

संजय अरोड़ा के बेटे अर्जुन (16) का शव घर के एक कमरे में स्कूल यूनिफॉर्म में मिला है। सरिता का शव भी वहीं पड़ा हुआ था। दोनों के गले को काटा गया था। पुलिस का मानना है कि स्कूल से आते ही अर्जुन की हत्या कर दी गई होगी। वहीं, संजय की बेटी सांची (21) का शव घर के गेट के बिल्कुल पास मिला। पुलिस का मानना है कि सांची ने जैसे ही घर में कदम रखा, हत्यारे ने उसके सिर पर रॉड से वार कर दिया। इसके बाद गला रेत दिया।

संजय की जेब से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। लेकिन, उसकी जेब से हरियाणा के मंत्री अनिल विज के नाम लिखी एक चिट्‌ठी जरूर मिली है। चिट्‌ठी में संजय ने लिखा कि ‘अनिल विज जी, आपको बता दूं कि आपकी पुलिस कुछ काम नहीं करती। मुझे कोई इंसाफ नहीं दिया। बस चक्कर कटवाते रहे। मैंने अपने पैरों से पंचकूला ईओडब्ल्यू विंग के 100 चक्कर काट लिए, लेकिन कुछ न हुआ। इंचार्ज दिलीप दूसरों का साथ देता रहा बस।

मेरे साथ पंचकूला सेक्टर-9 मार्केट वाले हर्ष बाहरी, विनोद बाहरी, प्रॉपर्टी डीलर मनोज बंसल, हनी गुप्ता ने फ्रॉड किया। पैसे हड़पे, लेकिन किसी ने मेरी बात नहीं सुनी। इससे मैं कर्जाई हो गया हूं। मेरे मरने के बाद मेरे परिवार को तंग न करना।’ वहीं संजय जिस शताब्दी गाड़ी के आगे कूदे उसके गार्ड ने पुलिस को बयान दिए हैं कि उसे एक ही शख्स ट्रेन के आगे कूदता दिखाई दिया। ट्रेन से टकराते हुए देखा तो गाड़ी रोक ली थी।

पुलिस का मानना है कि संजय अरोड़ा ने अपने घरवालों की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने का प्रयास किया। इसीलिए वे मनसा देवी रेलवे लाइन के पास पहुंचे। जहां से घायल होने के बाद उन्हे पीजीआई लाया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।