जेपी नड्डा ने संभाली भाजपा की कमान, दिल्ली में हुई ताजपोशी

ख़बरें अभी तक। हिमाचल जैसे छोटे राज्य से आने वाले जेपी नड्डा भाजपा का सिरमौर बन गए है। ऐसा पहली बार हुआ है कि हिमाचल से कोई नेता राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की कमान संभालेगा। जिला बिलासपुर से संबंध रखने वाले जेपी नड्डा को आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। वहीं इसके चलते हिमाचल प्रदेश भाजपा के 1500 से ज्यादा कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हुए है। सीएम जयराम ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल और नड्डा परिवार के सदस्य भी दिल्ली पहुंच गए हैं।

जेपी नड्डा का परिचय……

मूल रुप से हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले जेपी नड्डा का जन्म 1960 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ। नड्डा के पिता नारायण लाल नड्डा पटना विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और रांची विश्वविद्यालय के कुलपति रहे हैं। नड्डा की प्राथमिक शिक्षा पटना के सेंट जेवियर स्कूल में हुई और बीए उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से किया।

नड्डा ने अपने राजनीतिक जीवन की शरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् से की। उन्हें राजनीति में पहचान जेपी आंदोलन से मिली। आंदोलन में नड्डा ने अहम भूमिका निभाई। इसके बाद जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश आ गए और उन्होंने हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री ली। इसी दौरान 1983 में छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए। 1984 को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के पूर्णकालीन कार्यकर्ता के रुप में हिमाचल प्रदेश ABVP के संगठन मंत्री के पद पर कार्य किया।

नड्डा पहली बार 1993 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा पहुंचे और लगातार तीन बार विधायक चुने गये। 1994 से 1998 तक विधानसभा में पार्टी के नेता भी रहे। इसके बाद वे दोबारा 1998 में विधायक चुने गये। इस बार उन्हें स्वास्थ्य और संसदीय मामलों का मंत्री बनाया गया। 2007 में धूमल सरकार में जेपी नड्डा को वन-पर्यावरण मंत्री बनाया गया। साल 2012 में नड्डा को राज्यसभा सांसद चुना गया और उन्होंने मोदी सरकार में स्वास्थ्य मंत्रालय का पदभार संभाला।