मकर संक्रांति स्पेशल: एक ही पतीले में बनी 1995 किलो खिचड़ी, गिनीज बुक में रिकॉर्ड दर्ज

ख़बरें अभी तक। देशभर के कई राज्यों में आज मकर संक्रांति का त्यौहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। देवभूमि हिमाचल में भी इस त्यौहार की रौनक है। इसी के चलते शिमला और मंडी की सीमा पर मशहूर पर्यटन स्थल तत्तापानी में संक्रांति पर 1995 किलो खिचड़ी पकाई गई है।लेकिन खास बात तो यह है कि इतने बड़े पैमाने पर खिचड़ी बनाने का रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है। प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने रिकॉर्ड बनने की जानकारी दी है।इस खिचड़ी को पकाने वाले शेफ सुनील ने बताया कि 25 लोगों की टीम ने खिचड़ी तैयार की है। इसे बनाने में 5 घंटे का समय और खिचड़ी पकाने में 1100 लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया है।इसके अलावा इस खिचड़ी में 65 किलो मटर, 199 किलो माश, 90 किलो देशी घी और 30 से 40 किलो ग्राम मसाला डाला गया है। जबकि खिचड़ी बनाने के लिए बड़ा बर्तन (पतीला) हरियाणा की फेमस बर्तन मार्केट जगाधरी से मंगवाया गया।बता दें कि इससे पहले फेमस शेफ संजीव कपूर ने नई दिल्ली में इंडिया गेट पर 918 किलोग्राम खिचड़ी बनाने का रिक़ॉर्ड बनाया था। लेकिन आज यह रिकॉर्ड टूट चुका है।