भारत को पहला विश्‍व कप दिलाने वाले कपिल देव का आज 61वां जन्मदिन

ख़बरें अभी तक। टीम इंडिया को पहला वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव का आज जन्मदिन हैं। कपिल देव का जन्म 6 जनवरी 1959 को चंडीगढ़ में हुआ था। विश्व क्रिकेट जगत में टीम इंडिया को प्रतिष्ठित स्थान तब मिला जब साल 1983 में भारतीय टीम ने विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को हराते हुए विश्व कप पर अपना कब्जा जमाया।

उससे पहले तक भारतीय टीम की स्थिति ठीक वैसी ही थी, जैसी आज बांग्लादेश क्रिकेट की है। लेकिन साल 1983 के विश्व कप में भारतीय खिलाड़ियों ने एक नया इतिहास लिखा। विश्व कप में मिली ऐतिहासिक सफलता के पीछे कपिल देव की सबसे बड़ी भूमिका थी।

कपिल देव आज 61 साल के हो गए है। अब कपिल देव पर एक फिल्‍म भी बन रही है, जिसका नाम ’83’ है, जो इसी साल रिलीज हो जाएगी। हिन्‍दी फिल्‍म ’83’ का निर्देशन कबीर खान कर रहे हैं, जो इससे पहले भी कई बड़ी हिट फिल्‍में दे चुके हैं। फिल्‍म में कपिल देव की भूमिका में अभिनेता रणवीर सिंह दिखाई देंगे, वहीं दीपिका पादुकोण भी इस फिल्‍म में होंगी।

माना जा रहा है कि कपिल देव पर बनने वाली यह फिल्‍म इस साल 2020 की सबसे ज्‍यादा प्रतीक्षारत फिल्‍म है। वहीं आज कपिल देव के जन्‍मदिन पर कपिल देव की 175 रनों की पारी का रूपांतरण जारी किया जाएगा। हाल ही में उस पारी की शूटिंग की गई है, जिसमें रणवीर सिंह कपिल देव के नटराज वाले अंदाज में शॉट मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।