हमीरपुर: एचआरटीसी की बसों में टांकामार कंडक्टरों पर नकेल कसेगा विभाग

ख़बरें अभी तक। एचआरटीसी निगम की बसो में टांकामार कंडक्टरों पर नकेल कसने के लिए विभाग ने कमर कस ली है और इसी के तहत योजनाबद्व तरीके से ऐसे कंडक्टरों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बता दें कि हाईटेक तरीके से हमीरपुर में टांकामार कंडक्टर काम कर रहे है और व्हाटसऐप ग्रुप बनाकर एक दूसरे से जानकारियों का आदान प्रदान करके टांका मार कर पैसे जुटा रहे है जिसे दिन दहाडे निगम को हजारों रूपयों का चूना लग रहा है। टांकामार कंडक्टरों को पकडने के लिए आरएम हमीरपुर ने चेताया है कि अगर ऐसा करते हुए कंडक्टर पकडे जाते है कानून सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस वर्ष करीब नौ कंडक्टर फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा टांका लगाते हुए पकड़े जा चुके हैं।

जानकारी के अनुसार कई जगहों पर एचआरटीसी डिपो के कंडक्टर व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर एक-दूसरे को फ्लाइंग की लोकेशन को लेकर अपडेट देते रहते हैं। इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब हमीरपुर निगम प्रबंधन ने ऐसे दो ग्रुप पकड़े। इन ग्रुपों में दिनभर मैसेज चलते रहते हैं और बताया जाता है कि फ्लाइंग की मूवमेंट आज किस तरफ हुई है और कौन सा रूट क्लीयर है। निगम के हाथ दो ऐसे व्हाट्सऐप ग्रुप लगे हैं, जो कंडक्टरों ने बना रखे थे। इससे वे एक-दूसरे को अपने रूट के बारे में अपडेट दे रहे थे।

आरएम हमीरपुर विवेक लखनपाल का कहना है कि टांका मारने के लिए कंडक्टर व्हाटसप्प ग्रुप के माध्यम से काम कर रहे है। उन्होंने बताया कि कुछ व्हाटसप गु्रप विभाग की नजर में है, जिनको लेकर छानबीन की जा रही है। उन्होंने चेताया कि अगर कोई कंडक्टर टांका मारते हुए पकडा जाता है तो उसके खिलाफ कडी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

गौरतलब है कि पथ परिवहन निगम के हमीरपुर डिपो की बात करें, तो इस वर्ष करीब नौ कंडक्टर फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा टांका लगाते हुए पकड़े जा चुके हैं। निगम द्वारा इनमें से कइयों को सस्पेंड भी किया गया है। कुछ माह पूर्व एक कंडक्टर ने बम की अफवाह फैलाकर पूरी की पूरी बस को ही खाली करवा दिया, क्योंकि उस बस में दो-चार यात्रियों को छोड़कर किसी को टिकट नहीं दी गई थी।