रांची: लॉ की छात्रा के साथ गैंगरेप, पुलिस ने 12 आरोपियों को किया गिरफ्तार

ख़बरें अभी तक। झारखंड की राजधानी रांची से एक बार फिर शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लॉ की छात्रा को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया गया। इस घटना के बाद राजधानी रांची सहम उठी है। वहीं इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी।  जानकारी के मुताबिक पीड़ित लॉ की छात्रा कांके स्थित एक बस स्टॉप पर अपने दोस्त के साथ बैठकर बातें कर रही थी। इसी दौरान एक ऑल्टो कार में सवार छह युवक वहां आये और छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगे। छात्रा के दोस्त ने छेड़खानी का विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। बताया जा रहा  है कि सभी आरोपी युवक नशे में थे और उनके पास हथियार भी थे। इसके बाद आरोपी युवक छात्रा को हथियार के बल पर जबरन कार में बिठाकर पास के गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास ले गए और वहां उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी 6 आरोपियों ने अपने छह अन्य साथियों को वहां बुलाया। फिर इन सभी ने भी पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। फिलहाल सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है।