आकांक्ष सेन हत्याकांड में दोषी हरमेहताब को उम्रकैद, जानिए कब क्या हुआ ?

ख़बरें अभी तक। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी के भतीजे आकांक्ष सेन की हत्या के मामले में  चंडीगढ़ जिला अदालत ने दोषी हरमेहताब को ताउम्र कैद यानि कि आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। हरमेहताब कि जब तक नेचुरल डैथ नहीं होती तब तक जेल में रहना होगा। इस पर आकांक्ष के परिवार के वकील तरमिंदर सिंह ने बताया कि हरमेताब को उम्रकैद के साथ- साथ 3 लाख का जुर्माना भी लगाया है। सजा पर दोनों पक्षों ने अपनी दलीलें दे दी थी। आकांश के वकील ने हरमेहताब को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग थी। जबकि हरमेहताब के वकील ने कहा कि यह केस रेयरेस्ट ऑफ रेयर नहीं है।

आकांक्ष की हत्या के मामले में आरोपी हरमेहताब को धारा 302 और 34 के तहत कोर्ट ने दोषी करार दिया था।  मामले की सुनवाई अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायाधीश राजीव गोयल की कोर्ट में हुई। आकांक्ष की 9 फरवरी 2017 को सेक्टर 9 में बीएमडब्ल्यू चढ़ा कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हरमेहताब सिंह को आरोपी बनाया गया था। उसे हत्या के 7 दिनों बाद यानि 16 फरवरी 2017 को गिरफ्तार कर लिया गया था।

बता दें मामले में अन्य आरोपी बलराज अभी भी भगोड़ा है। उसके बारे में जानकारी देने वाले पर 1 लाख का ईनाम भी रखा है। दरअसल इस मामले में हरमेहताब और बलराज रंधावा दोनों ही मुख्य आरोपी है। बलराज रंधावा पर भगोड़ा करार होने का अलग से केस दर्ज है और उसके बाद कनाडा या यूएस भागने की सूचना पर रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। पुलिस ने हत्या के 6 दिन बाद 50000 का इनाम और 1 महीने बाद ₹100000 का इनाम रखा है। यहां देखिए आकांक्ष सेन हत्याकांड में कब क्या हुआ ?

जानिए कब क्या हुआ ? 

08/02/2017: दोस्त दीप सिद्धू के घर रात को पार्टी में सभी मौजूद, जहां
पहले झगड़ा हुआ
09/02/2017 :वीरभद्र सिंह के साले के बेटे (आकांक्ष सेन) को सुबह पांच
बजे बीएमडब्ल्यू कार से रौंदा
10/02/2017 : आकांक्ष सेन ने पीजीआइ में दम तोड़ा
13/02/2017 : गिरफ्तारी से बचने को हरमेहताब ने दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका
15/02/2017:अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया
16/02/2017:  पुलिस ने हरिद्वार के एक आश्रम से किया हरमेहताब काे
गिरफ्तार, अदालत से मिला तीन दिन का रिमांड
18/02/2017 : पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ से मिली बीएमडब्ल्यू कार
05/04/2017:  अकांक्ष मर्डर केस में मुख्य आरोपित बलराज सिंह रंधावा भगौड़ा करार
06/05/2017 : 79वें दिन 446 पेज का चालान दाखिल
01/06/2017 : बलराज रंधावा की प्राॅपर्टी अटैच होेने के आदेश
24/09/2017 : हरमेहताब की मां की मृत्यु
07/11/2017 : हरमेहताब के खिलाफ आरोप तय,
15/11/2017 : हरमेहताब के खिलाफ अदालत में ट्रायल शुरू हुआ
4/10/2019 : हाइकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की इसी तरह के मामले की पांच जजमेंट पेश हुई
15/10/2019 : आकांक्ष सेन मर्डर मामले में दोनों पक्षों की दलीलें हुई
खत्म, 30 अक्टूबर के लिए फैसले के लिए रखा
30/10/2019 : आर्डर नहीं आ सका और पांच नवंबर तारीख दी गई
5/11/2019 : आर्डर नहीं आ सका और 13 नवंबर तारीख दी गई
13/11/2019 : आर्डर नहीं आ सका और 16 नवंबर तारीख दी गई
18/11/2019 : एडीजे जज राजीव गोयल ने हरमेहताब को दिया दोषी करार
20/11/2019 : हरमेहताब को सुनाई गई सजा