सतपाल सत्ती ने कुलदीप राठौर पर साधा निशाना, कहा कांग्रेस अपनी हार का मनाये मातम

ख़बरें अभी तक: जयराम सरकार द्वारा दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर जश्न मनाने की घोषणा के बाद से ही कांग्रेस भाजपा सरकार को घेरने में जुटी है। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के बयान पर तीखा हमला बोला है। सत्ती ने कहा कि कुलदीप राठौर किसी न किसी तरह का बयान देकर अखबारों की सुर्खियां बटौरने में लगे हुए हैं। सत्ती ने कहा कि मातम वो मनाए, जिनकी धर्मशाला में जमानत जब्त हुई है। मातम वो मनाएं, जिनके चारों एमपी चार-चार लाख वोटों से हारे हैं। हम तो पूरे देश के अंदर मोदी के नेतृत्व में अच्छी सरकार चला रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के अंदर जयराम ठाकुर के नेतृत्व में अच्छी सरकार चल रही है। दो वर्ष पूरे हो रहे है, हम उपलब्धियां लेकर जनता के बीच जाएंगे। कोई जश्न बिना काम किए हुए नहीं मना रहे हैं। सत्ती ने कहा कि कुशासन तो कांग्रेस के समय था। कुलदीप राठौर उस समय राजनीति में थे नहीं। वीरभद्र सिंह राठौर को कुछ मानते नहीं थे। उस समय कुलदीप राठौर वकालत करते थे। समय बदलने के नाते अध्यक्ष बने है, तो ऐसे में कोई न कोई प्रतिक्रिया देकर हंसी के पात्र भी बनते हैं।

वहीं भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने पत्र बम को लेकर कहा कि मामले में जांच रिपोर्ट आ गई, जिसमें कुछ लोगों के नाम शामिल है। जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता और लीडर भी हो सकते हैं। सत्ती ने कहा कि जांच रिपोर्ट में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ संगठन कार्रवाई करेगा। इसमें सरकार क्या करेगी, ये मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तय करेंगे। सत्ती ने कहा कि भाजपा में कुछ लोगों को बहुत लंबे समय से आदत पड़ी हुई है। जब शांता कुमार मुख्यमंत्री होते थे, तो उनके विरोध में भी काफी लोग षडयंत्र रचते थे। जब प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री रहे, तो उस समय कुछ लोगों ने हो हल्ला मचा के सरकार को बदनाम करने की कोशिश की। समय-समय पर समझौते के चलते परिस्थितियां बदलती रही। सत्ती ने कहा कि आज भी विरोध करने वाले लोग अच्छा काम कर रहे हैं। कई बार आदमी को गलतफेमियां भी हो जाती है। ऐसे ही अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समय भी कुछ लोगों को गलतफेमियां हुई है। लेकिन अब जो भी षडयंत्रकारी नितियां करेगा, उसके खिलाफ आर-पार की कार्रवाई की जाएगी।