दादरी जिले में डेंगू का डंक, 12 वर्षीय बच्ची की मौत

ख़बरें अभी तक: दादरी जिले में डेंगू ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। डेंगू के डंक से सिविल अस्पताल में भर्ती एक 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं मृतका के परिजनों ने डेंगू से पीड़िता की हालत बिगड़ने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर नहीं करने के चलते चिकित्सकों की लापरवाही का भी आरोप लगाया। मृतका मध्यप्रदेश की रहने वाली है और दादरी के गांव चिड़िय़ा में परिजन ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के दावे किए थे। साथ ही जिले में जागरूकता अभियान चलाने के लिए स्पेशल टीमों का गठन किया गया था। सिविल अस्पताल में विभाग द्वारा डेंगू मरीजों के लिए स्पेशल वार्ड भी बनाया गया है।

बावजूद इसके दादरी में डेंगू का डंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश से दादरी में मजदूरी करने आया परिवार की 12 वर्षीय शिल्पा की दो दिन पूर्व हालत खराब हो गई थी। सिविल अस्पताल में शिल्पा की जांच की गई तो उसे डेंगू पॉजिटीव पाया गया और चिकित्सकों द्वारा उपचार किया गया। हालत बिगडऩे पर शिल्पा को रेफर नहीं किया गया। जिसके चलते शिल्पा ने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता गंगाराम ने बताया कि उसकी बेटी को डेंगू था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे सरकारी एंबुलेंस से रेफर नहीं किया। जिसके कारण उसकी बेटी की मौत हो गई। शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।