बहन के लिए खोद रहा था कब्र, लेकिन हुआ कुछ ऐसा कि एक साथ निकले दो जनाजे

खबरें अभी तक। उत्तराखंड के जसपुर गांव में एक साथ भाई- बहन का जनाजा उठा तो हर किसी की आंखे नम हो गई। बहन की मौत के बाद भाई उसकी कब्र खोदने गया। लेकिन इसी दौरान उसकी भी मौत हो गई। दरअसल हैरान करने वाला यह पूरा मामला उत्तराखंड के जसपुर गांव का है। रामनगर वन निवासी नसरूद्दीन की दो बेटियां थी।

लेकिन कुछ दिन पहले उसकी 22 वर्षीय छोटी बेटी शहाना परवीन की तबीयत खराब हो गयी। जिसके बाद शहाना परवीन ने दम तोड़ दिया। शहाना परवीन को दफनाने के लिए गांव के युवकों के साथ उसका तहेरा भाई मुर्करम (25) पुत्र अशफाक हुसैन भी कब्रिस्तान में कब्र खोदने गया था। कब्र खोदने के दौरान मुकर्रम की तबीयत अचानक बिगड़ी और वह उसी कब्र में गिर गया।

यह देखकर वहां मौजूद अन्य लोगों के होश उड़ गए। लोगों ने मुकर्रम को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मुकर्रम और उसकी चचेरी बहन को अलग-अलग कब्रों में दफनाया गया। एक साथ दो जनाजे उठने से गांव में गम का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि मुकर्रम यहां गांव में बारबर का काम करता था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और उसका एक पुत्र भी है। फिलहाल मुकर्रम की मौत की वजह हॉर्ट अटैक बतायी जा रही है।