कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र जून ने बीजेपी प्रत्याशी नरेश कौशिक पर लगाए आरोप

ख़बरें अभी तक। बहादुरगढ़ विधानसभा में भाजपा सरकार के पांच साल में विकास का कोई काम नहीं हुआ। बल्कि भाजपा विधायक नरेश कौशिक ने भ्रष्टाचार के नये कीर्तिमान ही बनाये हैं। ये आरोप लगाया है। बहादुरगढ़ से कांग्रेस के उम्मीदवार राजेन्द्र सिंह जून ने। राजेन्द्र जून ने अपने प्रचार अभियान के दौरान दर्जन भर जगहों पर नुक्कड़ सभायें की और लोगों से वोट अपील की है।

वार्ड 30 की नगर पार्षद नीना सतपाल राठी ने भी राजेन्द्र जून के समर्थन में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। सभा में पहुंचने पर राजेन्द्र जून का फूलमालाओं और पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता सतपाल राठी ने राजेन्द्र जून को गदा भेंटकर अभिनन्दन भी किया। यहां राजेन्द्र जून ने लोगों से वोट की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस के 10 साल में बहादुरगढ़ में भरपूर विकास हुआ था, लेकिन भाजपा राज में विकास रोक दिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक ने भ्रष्टाचार की हद पार कर दी है। जून ने आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के नाम पर जो भी पैसा आया वो सिर्फ कागजों में दिखाकर अपनी जेब भरने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर विधायक के भ्रष्टाचार की जांच करवाई जायेगी और दोषी पाने पर नरेश कौशिक को जेल में भेजने का काम भी करेंगे। राजेन्द्र जून के समर्थन में वोट अपील करने के लिये कांग्रेस नेता राजेश जून, पूर्व चेयरमैन रवि खत्री, पार्षद संघ के प्रधान समुन्दर सहवाग और कई नगर पार्षद भी मौजूद रहे।